ड्राइंग से आगे कला की दुनिया
कला आज भी एक महत्वपूर्ण संदर्भ के रूप में सामने आती है। देवी प्रसाद की पुस्तक शिक्षा का वाहन: कला 1958 में अंग्रेजी में प्रकाशित हुई थी, जबकि इसका हिंदी संस्करण राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा 1999 में पहली बार प्रकाशित हुआ। शांतिनिकेतन और बाद में सेवाग्राम में बच्चों के साथ किए गए अपने व्यावहारिक अनुभवों के आधार पर देवी प्रसाद ने इस पुस्तक में बालक की अभिव्यक्ति, बौद्धिक विकास, शिक्षक और अभिभावक की भूमिका तथा कला-शिक्षा की विभिन्न अवस्थाओं पर विचार किया है।
कला का मकसद कलाकार बनाना नहीं

देवी प्रसाद के लिए कला स्कूली शिक्षा में कोई अतिरिक्त या मनोरंजन की गतिविधि नहीं, बल्कि शिक्षा की बुनियादी प्रक्रिया का हिस्सा है। उनके अनुसार बच्चा कला के माध्यम से केवल चित्र बनाना नहीं सीखता, बल्कि अपने अनुभवों को समझना और उन्हें स्वतंत्र रूप से व्यक्त करना भी सीखता है। कला उसकी कल्पनाशक्ति, संवेदनशीलता, बौद्धिक क्षमता और व्यक्तित्व के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कल्पना को आकार देने की प्रक्रिया
यहां एक बात विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि देवी प्रसाद कला-शिक्षा का उद्देश्य बच्चों को कलाकार बनाना नहीं मानते। प्रत्येक बच्चे को उसकी रुचि और क्षमता के अनुसार सृजन का अवसर मिलना चाहिए। इसलिए किसी आदर्श चित्र की नकल करवाने के बजाय बच्चे की स्वाभाविक अभिव्यक्ति को महत्व दिया जाना चाहिए। देखने, हाथों से काम करने, प्रयोग करने और अपनी कल्पना को आकार देने की प्रक्रिया ही उनके लिए कला-शिक्षा का मूल है।
रचनात्मकता और आत्म-अभिव्यक्ति
इसी कारण विद्यालय में कला का अर्थ केवल ड्राइंग और पेंटिंग की कक्षा नहीं हो सकता। स्थानीय शिल्प, लोककला, प्रकृति, संगीत, नाटक और आसपास के जीवन को भी सीखने की प्रक्रिया से जोड़ा जाना चाहिए। ऐसा होने पर विद्यालय केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाली संस्था न रहकर रचनात्मकता, आनंद और आत्म-अभिव्यक्ति का वातावरण बन सकता है।
बदलनी होगी विद्यालयों की कला-दृष्टि
कला-शिक्षा को लेकर कलाकारों और कला लेखकों-समीक्षकों से मेरी भी समय-समय पर बातचीत होती रही है। प्रो. जय कृष्ण अग्रवाल जैसे कलागुरु वर्तमान कला शिक्षा में आमूलचूल बदलाव की आवश्यकता पर जोर देते रहे हैं। वहीं वरिष्ठ चित्रकार और कला समीक्षक अशोक भौमिक भी स्कूली कला शिक्षा में नए प्रयोगों को लेकर कुछ योजनाओं पर काम कर रहे हैं, लेकिन इन चर्चाओं के बीच अक्सर मेरे मन में यह सवाल रहा है कि आखिर स्कूलों में कला की भूमिका को व्यवहार में किस तरह बदला जा सकता है? शायद इसका एक दिलचस्प उदाहरण हाल में अंबाला के माइंड ट्री स्कूल में देखने को मिला।
अंबाला के स्कूल में दिखी नई पहल
स्कूल के कला अध्यापक मोहन शिंगणे जी के अनुरोध पर 21 अगस्त की शाम वहां आयोजित एक प्रदर्शनी के उद्घाटन में शामिल होने का अवसर मिला। मोहन जी स्वयं वरिष्ठ मूर्तिकार-चित्रकार हैं और अपने विद्यालय में राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कला आयोजनों के लिए सक्रिय रहते हैं। स्कूल के परिसर में प्रवेश करते ही यह स्पष्ट हो गया कि यहां कला को पाठ्यक्रम की सीमाओं से बाहर निकालकर विद्यालय के पूरे वातावरण का हिस्सा बनाने की कोशिश की गई है।
परिसर बना कला का जीवंत संसार
लॉन से लेकर भवन की दीवारों तक कलाकृतियां दिखाई देती हैं। परिसर में प्रदर्शित बड़े आकार के मूर्तिशिल्प विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। इनमें देश के ख्यातनाम कलाकारों के साथ विदेशी कलाकारों की कृतियां भी शामिल हैं। अधिक महत्वपूर्ण यह है कि इनमें से अनेक कृतियों का निर्माण विद्यालय परिसर में आयोजित कलाकार शिविरों और सिम्पोजियम के दौरान हुआ है।
कलाकार शिविरों से समृद्ध हुआ संग्रह
मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही बायीं ओर विशाल टेराकोटा शिल्पों का एक समूह दिखाई देता है, जिसे दक्षिण भारत के पारंपरिक मूर्तिशिल्पियों ने बनाया है। मोहन जी बताते हैं कि विद्यालय में नियमित रूप से कला शिविर आयोजित होते हैं, जिनमें देश-विदेश के कलाकार भाग लेते हैं। इन्हीं आयोजनों के चलते विद्यालय के पास समकालीन और लोक कला की कृतियों का एक अच्छा संग्रह तैयार हो चुका है, जिसे भविष्य में स्थायी कला दीर्घा में व्यवस्थित किया जाएगा। यह सब देखते हुए विद्यालय के निदेशक दीपक जी से मेरा स्वाभाविक सवाल था, जहां अधिकांश स्कूल कला को पाठ्यक्रम और सजावट तक सीमित रखते हैं, वहां आपने विद्यालय को लगभग एक कला-संग्रहालय जैसा रूप कैसे दे दिया? उनका जवाब था-“मैंने मोहन शिंगणे के हवाले सब कुछ छोड़ रखा है। यह जिम्मेदारी उनकी है और मेरा पूरा सहयोग रहता है। मुझे खुशी होती है, जब कोई अभिभावक इसे देखकर कहता है कि ऐसा तो उसने अमेरिका और यूरोप के स्कूलों में देखा था। अपने शहर में यह सब देखना अच्छा लगता है।”
उस शाम उद्घाटित प्रदर्शनी का शीर्षक था ‘ग्रीन रेजोनेंस’, यानी हरियाली की प्रतिध्वनि। इसमें चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला के कुछ वरिष्ठ चित्रकारों ने भाग लिया था। चूंकि यह पूरा क्षेत्र हरित क्रांति के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में जाना जाता रहा है, इसलिए प्रदर्शनी में हरे रंग को प्रमुखता दी गई थी। इस पूरे अनुभव में मुझे सबसे सुखद बात यह लगी कि विद्यालय ने अपनी कला दीर्घा का नाम वरिष्ठ कलाकार प्रभाकर कोल्ते के नाम पर रखा है। किसी कलाकार के नाम पर विद्यालय की कला दीर्घा का नामकरण महज सम्मान का विषय नहीं है, यह बच्चों को कलाकार और कला की परंपरा से परिचित कराने का एक माध्यम भी बन सकता है।
कलाकार के नाम पर कला दीर्घा
देवी प्रसाद की पुस्तक को पढ़ते हुए जो बात बार-बार सामने आती है, वह यही है कि कला को शिक्षा से अलग करके नहीं देखा जा सकता। कला बच्चों में कल्पनाशीलता, संवेदनशीलता, सौंदर्यबोध और स्वतंत्र सोच विकसित करती है। दूसरे विषय जहां अक्सर सही उत्तर तक पहुंचने की अपेक्षा करते हैं, वहीं कला बच्चे को अपने उत्तर की तलाश करने का अवसर देती है। इसलिए वास्तविक चुनौती केवल पाठ्यक्रम में कला को स्थान देने की नहीं, बल्कि विद्यालय की कला-दृष्टि बदलने की है। यदि कला-शिक्षा को परीक्षा और सजावट से आगे ले जाकर कला-प्रयोग, कला-इतिहास, संग्रहालय-दर्शन, स्थानीय लोककला और समकालीन कला से जोड़ा जाए, तो विद्यालय बच्चों के भीतर रचनात्मकता के साथ-साथ आलोचनात्मक चेतना भी विकसित कर सकते हैं।
-सुमन कुमार सिंह कलाकार/कला लेखक, गाजियाबाद
