किस्सा : उसने परंपरा नहीं, सोच बदली

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

गांव की सबसे पुरानी हवेली के आंगन में उस दिन खूब भीड़ थी। चौदह वर्ष की निधि चुपचाप एक कोने में बैठी सबकी बातें सुन रही थी। उसके चचेरे भाई की शादी थी और घर की बड़ी-बूढ़ी औरतें उसे समझा रही थीं। “लड़कियों को ज्यादा पढ़ाने से क्या फायदा? आखिर घर ही तो संभालना है।” निधि ने सिर उठाकर अपनी दादी की ओर देखा। वह कुछ कहना चाहती थी, लेकिन चुप रह गई। उसे पढ़ना बहुत पसंद था। किताबें उसके लिए केवल कागज के पन्ने नहीं, बल्कि उस दुनिया की खिड़कियां थीं, जहां वह अपने सपनों को उड़ान दे सकती थी। एक दिन स्कूल से लौटते समय पिता ने कहा, “अब तुम्हारी पढ़ाई यहीं तक ठीक है। घर में तुम्हारे छोटे भाई की पढ़ाई का खर्च भी है।” निधि के हाथ से किताबें लगभग छूट गईं, “लेकिन बाबूजी, मेरी परीक्षा अगले महीने है।”

पिता ने कठोर स्वर में कहा, “लड़कियों की पढ़ाई से ज्यादा जरूरी घर की इज्जत होती है।” उस रात निधि बहुत रोई। मां उसके पास आईं, लेकिन कुछ कह नहीं सकीं। वे स्वयं भी कभी पढ़ नहीं पाई थीं। अगली सुबह निधि ने मां से पूछा, “क्या लड़की होना सच में इतना बड़ा दोष है कि उसके सपनों को बार-बार रोक दिया जाए?” मां की आंखें भर आईं। उन्होंने बस इतना कहा, “नहीं बेटी, दोष लड़की होने में नहीं, उस सोच में है जो उसे कमजोर समझती है।”

मां के शब्द निधि के भीतर कहीं गहरे उतर गए। उसने पढ़ाई जारी रखने का निश्चय किया। सुबह वह घर के काम करती और रात को देर तक पढ़ती। बिजली चली जाती तो मिट्टी के दीये की रोशनी में किताब खोल लेती। कुछ महीनों बाद उसने जिले की छात्रवृत्ति परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसकी फीस माफ हो गई। अब उसे शहर जाकर पढ़ने का अवसर मिला, लेकिन गांव में फिर सवाल उठे। “लड़की अकेली शहर जाएगी?”

 “वहां कौन उसकी देखभाल करेगा?” “इतनी आजादी ठीक नहीं।” निधि ने पहली बार सबके सामने कहा अगर लड़के के सपनों के लिए सब रास्ते खोले जा सकते हैं, तो लड़की के लिए दरवाजे बंद क्यों किए जाते हैं? कुछ लोग नाराज़ हुए, कुछ ने उद्दंड कहा, लेकिन उसके पिता पहली बार चुप रहे। मां ने उसका समान बांधा और विदा करते हुए कहा,“जा बेटी सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए पढ़ना जिनको अपने सपनों का नाम लेना तक नहीं आता।”

निधि ने शहर जाकर अपनी पढ़ाई पूरी की। कानून की पढ़ाई की और कुछ वर्षों बाद गांव वापस लौट आई। गांव आकर उसने एक केंद्र खोला उसमें लड़कियों को पढ़ाया जाता और महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाती। धीरे-धीरे लोगों की सोच बदलने लगी जो लड़कियों की पढ़ाई का विरोध करते थे वो खुद अपनी बेटियों का दाखिला कराने निधि के केंद्र पर आने लगे। एक शाम दादी ने निधि को दुलारते हुए कहा कि “ तूने हमारे रीति-रिवाज नहीं तोड़े तूने उनमें छिपी गलत सोच को बदला है।”

निधि मुस्कुराई और बोली दादी हर परंपरा बुरी नहीं होती, लेकिन जो परंपरा किसी इंसान को उसके अधिकार, शिक्षा या सम्मान से वंचित करे उसे बदलना जरूरी है। दादी ने प्यार से उसका हाथ थामा। उस दिन पहली बार हवेली में लड़कियों की पढ़ाई की चर्चा हो रही थी। निधि हवेली में चर्चा करते लोगों को देख रही थी। उसे लगा बदलाव कभी एक साथ नहीं आता। वह एक सवाल से शुरू होता है, फिर एक साहसिक कदम...अंततः कई लोगों की सोच बदल देता है। उसने समाज से लड़कर समाज को नहीं छोड़ा, बल्कि अपने एक सही  साहसिक कदम से समाज में जागरूकता लाने का प्रयास किया और सफलता हासिल की।

निवेदिता शुक्ला, लेखिका इटावा, उत्तर प्रदेश

संबंधित समाचार