Sultanpur News : 3 लाख के दहेज के लिए विवाहिता पर जुल्म! बच्चों समेत घर से निकाला, पति-सास समेत चार पर केस

Amrit Vichar Network
On

पति के कर्ज की रकम मायके से लाने का बना रहे थे दबाव, रुपये न देने पर मारपीट का आरोप; सास ने पति की दूसरी शादी कराने की दी धमकी

सुलतानपुर में तीन लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट और बच्चों समेत घर से निकालने का आरोप लगा है। महिला थाने में पति, सास और दो देवरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

सुलतानपुर, अमृत विचार। यूपी के सुलतानपुर जिले से एक शर्मसार करने वाली खबर आई है। यहां के एक हैवान पति ने मायके से तीन लाख रुपये दहेज में लाने का दबाव बनाकर पत्नी को मारपीट कर बच्चों समेत घर से निकाल दिया।  पीड़िता तहसीन बानो की तहरीर पर महिला थाने की पुलिस ने पति महताब, सास और दो देवरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी में नकदी, बाइक और जेवर देने का दावा

तहसीन बानो के मुताबिक, शादी के समय मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार नकदी, बाइक, जेवर और घरेलू सामान दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल में उसे अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पति ने तीन लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसे चुकाने के लिए उस पर मायके से रकम लाने का दबाव बनाया गया।

रुपये न देने पर मारपीट का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि तीन लाख रुपये मायके से लाने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। ससुराल वालों ने उस पर रकम लाने का लगातार दबाव बनाया। आरोप है कि सास ने तीन लाख रुपये नहीं मिलने पर पति की दूसरी शादी कराने की धमकी भी दी।

बच्चों समेत घर से निकालने का आरोप

तहरीर के मुताबिक, 20 दिसंबर 2025 को ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की और उसे बच्चों समेत घर से निकाल दिया। इसके बाद उसे बंधुआकला बाजार में छोड़ दिया गया। मामले में पीड़िता ने पति, सास और दो देवरों पर कार्रवाई की मांग की। महिला थाने की पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:-Sultanpur News : सुलतानपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लोरपुर गोलीकांड का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल

 

संबंधित समाचार