Barabanki Crime News:सिगरेट लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी मारपीट में बदला, तीन लोग घायल, PAC के दरोगा के होंठ पर लगे तीन टांके

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

बाराबंकी में पान की गुमटी पर कहासुनी के बाद मारपीट, आरोपित मौके से फरार; मेडिकल में PAC दरोगा की अल्कोहल रिपोर्ट दर्ज होने की बात

बाराबंकी में सिगरेट लेने को लेकर विवाद मारपीट में बदल गया। PAC दरोगा समेत तीन लोग घायल हुए, दरोगा के होंठ पर तीन टांके लगे। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।

बाराबंकी, अमृत विचारः नगर कोतवाली क्षेत्र के वन विभाग गेट के पास सिगरेट लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि शराब के नशे में हुए इस विवाद में सरदार किरत ने पीएसी के दरोगा समेत तीन लोगों की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जबकि दरोगा के होंठ पर गंभीर चोट आने के कारण तीन टांके लगाने पड़े। मेडिकल परीक्षण में दरोगा की रिपोर्ट में अल्कोहल की पुष्टि होने की बात भी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, वन विभाग गेट के पास स्थित एक पान की गुमटी पर सिगरेट लेने के दौरान सरदार किरत और पीएसी में तैनात दरोगा कोकब रसूल व उनके साथियों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरदार किरत ने रियाजुल उर्फ संटू (41), यासिर मलिक (39) और कोकब रसूल (40) की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कोकब रसूल 12वीं बटालियन पीएसी फतेहपुर में दरोगा के पद पर तैनात हैं। मारपीट के दौरान उनके होंठ पर गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्हें तीन टांके लगवाने पड़े।

घटनाक्रम में एक और मोड़ तब आया, जब सरदार किरत के जाने के बाद घायल पक्ष के लोगों ने अनुराग वर्मा निवासी शुक्लाई की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि तीनों लोग मिलकर अनुराग वर्मा को पीट रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन चौकी पर तैनात सिपाही सौरभ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हस्तक्षेप कर अनुराग वर्मा को हमलावरों से बचाया और स्थिति को संभाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रियाजुल उर्फ संटू, यासिर मलिक तथा कोकब रसूल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में पीएसी के दरोगा कोकब रसूल की अल्कोहलिक रिपोर्ट दर्ज होने की बात सामने आई है।

इस संबंध में सिविल लाइन चौकी प्रभारी अनुराग पाठक ने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना में मारपीट की शुरुआत, दोनों पक्षों की भूमिका और अनुराग वर्मा के साथ हुई मारपीट को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः लखनऊ : चुनाव आयोग ने पीलीभीत के DM से मांगा स्पष्टीकरण, मतदाता सूची में मिली है भारी गड़बड़ी 

संबंधित समाचार