Barabanki News: हादसों में जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को मिला सहारा, सरकार ने बांटे 42.50 लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने नौ लाभार्थियों को सौंपी सहायता राशि, आठ मृतक किसानों के आश्रितों को पांच-पांच लाख और दिव्यांग को ढाई लाख रुपये मिले

बाराबंकी के रामसनेहीघाट में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत नौ लाभार्थियों को 42.50 लाख रुपये की सहायता दी गई। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने चेक वितरित किए।

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार: दुर्घटना में किसानों की असमय मौत के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत शुक्रवार को सहायता राशि वितरित की गई। रामसनेहीघाट तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने आठ मृतक किसानों के आश्रितों और एक दिव्यांग लाभार्थी समेत कुल नौ लोगों को 42.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। योजना के तहत दुर्घटना में जान गंवाने वाले आठ किसानों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की दर से कुल 40 लाख रुपये दिए गए। वहीं, एक दिव्यांग लाभार्थी को ढाई लाख रुपये की सहायता राशि मिली। इस तरह सभी नौ लाभार्थियों को मिलाकर 42 लाख 50 हजार रुपये की मदद उपलब्ध कराई गई।

इस मौके पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि किसान और उनका परिवार प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसी किसान की दुर्घटना में असमय मृत्यु होने से परिवार के सामने आजीविका और आर्थिक जरूरतों का संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे मुश्किल हालात में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना पीड़ित परिवारों को संबल देने का काम कर रही है। सरकार की मंशा है कि योजना के पात्र लोगों तक सहायता बिना किसी अनावश्यक देरी और परेशानी के पहुंचे। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी बृजेन्द्र कुमार उपाध्याय, तहसीलदार शशांक कांत उपाध्याय, नायब तहसीलदार समेत तहसील के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेंः Barabanki News: 27 दिन तक तलाशती रह गई पुलिस, खेत में मिला युवती का कंकाल, पिता ने लगाए गंभीर आरोप

संबंधित समाचार