बाराबंकी : बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालना पड़ा महंगा, यातायात पुलिस ने ठोका 10 हजार का जुर्माना
छाया चौराहे पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक, मौके पर उतरवाया साइलेंसर
बाराबंकी में बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालना एक युवक को महंगा पड़ गया। शहर के छाया चौराहे पर यातायात पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़े गए बुलेट सवार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने मौके पर ही बाइक में लगा मॉडिफाइड साइलेंसर भी उतरवा दिया।
बाराबंकी, अमृत विचार: बाराबंकी में बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालना एक युवक को महंगा पड़ गया। शहर के छाया चौराहे पर यातायात पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़े गए बुलेट सवार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने मौके पर ही बाइक में लगा मॉडिफाइड साइलेंसर भी उतरवा दिया।
आज यातायात प्रभारी रामयतन यादव के नेतृत्व में छाया चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तेज और पटाखे जैसी आवाज निकालती बुलेट मोटरसाइकिल को पुलिस ने रोक लिया। जांच में बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा मिला। इस पर यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान काट दिया और साइलेंसर हटवा दिया।
इस संबंध में यातायात प्रभारी रामयतन यादव ने बताया कि वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालना नियमों का उल्लंघन है। इससे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों में भय का माहौल भी बनता है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी और दूसरों के लिए परेशानी पैदा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज करने वाले वाहनों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट : नितिन श्रीवास्तव
