बरेली में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मिली नई रफ्तार: 8 नए उद्योगों की स्थापना को मंजूरी, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार

Amrit Vichar Network
Edited By Arpit Shukla
On

राज्य स्तरीय इम्पावर्ड समिति की बैठक में बरेली के लिए आठ नए खाद्य प्रसंस्करण संयंत्रों को मिली स्वीकृति, जिले में इकाइयों की संख्या बढ़कर हुई 48

खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में बरेली जिले ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ में हुई राज्य स्तरीय इम्पावर्ड समिति की बैठक में बरेली के लिए आठ नए खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को मंजूरी दी गई है। इससे जिले में कुल इकाइयों की संख्या 48 हो गई है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

बरेली,अमृत विचार :  जिले से औद्योगिक विकास और आर्थिकी को मजबूती देने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खाद्य प्रसंस्करण (Food Processing) के क्षेत्र में बरेली ने एक और अहम छलांग लगाई है। हाल ही में लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय इम्पावर्ड समिति की बैठक में बरेली जिले के लिए आठ नए खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस नई मंजूरी के बाद जिले में इस सेक्टर से जुड़ी कुल इकाइयों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित उद्योगों को और अधिक गति मिलेगी।

बढ़ेगी आर्थिक गतिविधियां और मिलेगा रोजगार

प्रशासनिक और आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इन नए उद्योगों के धरातल पर उतरने से बरेली की अर्थव्यवस्था को एक नया संबल मिलेगा। सरकार की ओर से उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए भारी अनुदान (5 से 10 करोड़ रुपये तक) दिया जा रहा है, जिससे निजी निवेश में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वीकृत की गई नई परियोजनाओं में मिठाई, नमकीन, बेकरी, मिल्क प्रोसेसिंग और स्नैक्स निर्माण से जुड़े प्लांट शामिल हैं। इन फैक्ट्रियों के संचालन से न केवल स्थानीय किसानों को उनके कच्चे माल की बेहतर खपत के लिए नया बाजार मिलेगा, बल्कि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उत्पादों की मांग देश के दूसरे राज्यों और नेपाल तक

विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में बरेली खाद्य प्रसंस्करण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। यहां तैयार होने वाले खाद्य उत्पादों की आपूर्ति केवल बरेली मंडल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इनका निर्यात दूसरे राज्यों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल तक किया जा रहा है। सरकार की इस सकारात्मक नीति और लगातार मिल रही स्वीकृतियों से जिले में औद्योगिक माहौल बेहतर हो रहा है, जिससे आने वाले समय में बरेली उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक हब में से एक के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत कर सकेगा।

यह भी पढे : बरेली कृषि विभाग का बड़ा कदम: किसानों के प्रशिक्षण और मेलों पर खर्च होंगे 2.13 करोड़ रुपये, जेम पोर्टल से निविदा जारी

संबंधित समाचार