Bareilly News: शिकायतों के निस्तारण में बरेली रेंज का फिर दबदबा, प्रदेश में मिला पहला स्थान

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

अक्टूबर की आईजीआरएस रैंकिंग में 64 थानों ने संयुक्त रूप से हासिल की पहली रैंक, बरेली के सबसे ज्यादा 25 थाने सूची में शामिल

अक्टूबर की आईजीआरएस रैंकिंग में बरेली रेंज ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के कुल 64 थाने संयुक्त रूप से पहली रैंक पर रहे।

बरेली, अमृत विचार। जनशिकायतों के निस्तारण में बरेली रेंज ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर महीने की आईजीआरएस रैंकिंग में रेंज के 64 थानों ने संयुक्त रूप से प्रदेश में पहली रैंक पाई है। इनमें बरेली जिले के सबसे ज्यादा 25 थाने शामिल हैं। बदायूं के 15, पीलीभीत के 12 और शाहजहांपुर के 12 थानों ने भी यह उपलब्धि हासिल की है।
 

डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देशन में आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के आधार पर रेंज को यह स्थान मिला है। रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन के बाद पुलिस विभाग में भी उत्साह है।

डीआईजी ने रेंज कार्यालय में आईजीआरएस का काम देख रहे दरोगा शालू, कंप्यूटर ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार और सिपाही सलिल सक्सेना को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिन जनपदों और थानों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है, उनके कामकाज की समीक्षा की जाएगी। साथ ही कमियों को दूर करने के लिए जरूरी सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें- मिडटर्म परीक्षा को लेकर आमने-सामने आए बरेली कॉलेज के छात्र और शिक्षक, प्राचार्य ने लगाई फटकार

संबंधित समाचार