Bareilly News: जौनसारी और भोटिया जनजातियों के भूमि अधिकारों पर शोध करेंगी डॉ. कल्पना
आईसीएसएसआर की पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप के लिए चयन, पहले वर्ष में मिलेंगे 3.97 लाख रुपये
बरेली कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. कल्पना को आईसीएसएसआर की पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप मिली है। वह उत्तराखंड की जौनसारी और भोटिया जनजातियों के भूमि अधिकार, प्रवासन और नागरिकता कानूनों पर शोध करेंगी।
डॉ. कल्पना यह शोध राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर और महाविद्यालय की उपप्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा के निर्देशन में पूरा करेंगी। शोध का मुख्य विषय उत्तराखंड में जनजातीय भूमि अधिकार, प्रवासन और नागरिकता कानून होंगे। इसके तहत जौनसारी और भोटिया जनजातियों के विशेष संदर्भ में इन मुद्दों का अध्ययन किया जाएगा।
आईसीएसएसआर की ओर से पहले वर्ष के लिए 3 लाख 97 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें 31 हजार रुपये प्रतिमाह फेलोशिप और 25 हजार रुपये वार्षिक आकस्मिक अनुदान शामिल है। फेलोशिप के दौरान डॉ. कल्पना को कम से कम दो शोधपत्र पीयर-रिव्यूड शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित करने होंगे। इसके अलावा शोध अवधि पूरी होने के तीन महीने के भीतर विस्तृत अंतिम शोध रिपोर्ट आईसीएसएसआर को सौंपनी होगी।
उपप्राचार्य प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि डॉ. कल्पना को प्रतिष्ठित फेलोशिप मिलने से विभाग में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए भी गौरव की बात है।
ये भी पढ़ें-
