Bareilly News: 140 धान क्रय केंद्रों में 64 पर खरीद ठप, डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

अब तक 76 केंद्रों पर ही शुरू हो सकी खरीद, 521 किसानों से 2355 मीट्रिक टन धान खरीदा गया

बरेली में 140 धान क्रय केंद्रों में से सिर्फ 76 पर खरीद शुरू हुई है। अब तक 521 किसानों से 2355 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। धीमी खरीद पर डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए।

बरेली, अमृत विचार। जिले में धान खरीद की सुस्त रफ्तार पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नाराजगी जताई है। जिले में 140 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन अब तक 76 केंद्रों पर ही खरीद शुरू हो सकी है। यानी 64 केंद्रों पर अभी खरीद शुरू नहीं हुई है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए।
 

बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 521 किसानों से 2355 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। जबकि धान बेचने के लिए 4800 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 3774 किसानों का सत्यापन भी पूरा हो चुका है। डीएम ने निर्देश दिए कि जिन किसानों का सत्यापन हो गया है, उनसे क्रय केंद्र प्रभारी खुद संपर्क करें और धान खरीद सुनिश्चित कराएं। उन्होंने एआर कोऑपरेटिव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी और सभी खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

समीक्षा में सामने आया कि पीसीएफ के 18 क्रय केंद्रों पर अब तक खरीद शुरू नहीं हुई है। वहीं लेखपाल स्तर पर भी किसानों का सत्यापन लंबित है। इस पर डीएम ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्रों के धान क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों पर पर्याप्त मजदूरों की व्यवस्था रखने और उनका बायोमेट्रिक सत्यापन कराने को भी कहा।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों की जरूरत के अनुसार पर्याप्त खाद उपलब्ध है। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, सभी एसडीएम, डिप्टी आरएमओ, एआर कोऑपरेटिव और खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें-जीआईसी मैदान में पटाखों की दुकानें लगाने पर संकट, डीएम से मिले व्यापारी

संबंधित समाचार