Bareilly News : यूपी ट्रेड शो में चमकेगा रुहेलखंड, जरी से मेंथा तक दिखेगा दम
बरेली की जरी-जरदोजी, दवा, मेंथा और बांस-बेंत उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार
ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बरेली की जरी-जरदोजी, मेंथा, बांस-बेंत और बदायूं के पेड़े समेत रुहेलखंड के उत्पाद चमकेंगे।
बरेली, अमृत विचार। स्थानीय हुनर व उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचाने की मुहिम में रुहेलखंड बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में बरेली की जरी-जरदोजी, मेंथा, दवा, बांस-बेंत और खाद्य उत्पादों की चमक दिखाई देगी। पीलीभीत की लकड़ी की नक्काशी और शाहजहांपुर की जरी कारीगरी भी खरीदारों के सामने होगी।
मंडलायुक्त शंभू कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्यमों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की रही है। इसी दिशा में यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और निर्यातकों के लिए बड़ा मंच बन रहा है। मनीषा ज्वेलरी सुनारी उद्योग के हस्तशिल्प उत्पाद लेकर पहुंचेगी। कमल ट्रेडर्स, पिंकी जरी आर्ट्स, शिखा जरी आर्ट, ज्योत्सना जरी वर्क और कृष्णा गारमेंट्स बरेली की जरी-जरदोजी की कारीगरी प्रदर्शित करेंगे।
बरेली की तीन इकाइयों के पांच स्टॉल
स्टॉल 14 नए निर्यातकों के लिए रखा गया है। इसमें बरेली की तीन इकाइयों को कुल पांच स्टॉल मिले हैं। एचएनवी फार्मा लिमिटेड (हम्बल हेल्थकेयर) दवा उत्पादों के लिए दो स्टॉल लगाएगी। दस्तकार बैम्बू केन डेवलपमेंट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बांस और बेंत से तैयार उत्पाद, एसए इंटरनेशनल परिधान लेकर पहुंचेगी।
कारोबार के साथ बदायूं का पेड़ा और बरेली की बर्फी का स्वाद
व्यापार मेले में सिर्फ उत्पादों का कारोबार नहीं होगा, रुहेलखंड का स्वाद भी लोगों को अपनी ओर खींचेगा। बरेली की अजंता स्वीट्स, रामपुर गार्डन और किप्स की बर्फी को पैकेज्ड खाद्य काउंटर में जगह मिली है। वहीं मोहित शर्मा नाश्ता कॉर्नर के छोले-भटूरे सीधे तैयार कर परोसे जाएंगे। वहीं बदायूं के हब्बू हलवाई का मशहूर पेड़ा भी व्यापार मेले में पहुंचेगा।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : सुलह की कोशिश नाकाम, हड़ताल पर अड़े बैंककर्मी..काले बैज लगाकर कर्मचारियों ने जताया विरोध
