श्रावस्ती: चूहे के शिकार में खुद पिंजरे में फंसा जहरीला कोबरा 

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर कोबरा को जंगल में छोड़ा

श्रावस्ती, अमृत विचार : कटरा बाजार में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चूहे पकड़ने के लिए लगाए गए लोहे के पिंजरे में एक जहरीला कोबरा कैद मिला। रात में चूहे का शिकार करने के लिए पिंजरे में घुसा सांप खुद ही उसमें फंस गया। सुबह दुकानदारों और राहगीरों ने जब पिंजरे के अंदर फन फैलाए कोबरा को देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि एक दुकान में चूहों को पकड़ने के लिए लोहे का पिंजरा लगाया गया था। रात के समय चूहे की तलाश में कोबरा पिंजरे के अंदर पहुंच गया।

कैद हुआ कोबरा

इसके बाद पिंजरे का दरवाजा बंद हो गया और वह उसमें कैद हो गया। सुबह तक कोबरा पिंजरे के अंदर फुफकारता रहा। सांप को पिंजरे में देखकर दुकानदारों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कोबरा को पिंजरे से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। कोबरा के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद बाजार के दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि किसी भी जहरीले सांप के दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

यह भी पढ़ेंः DUSU Election Result 2026: सातवें राउंड में ABVP के यश डबास आगे, एक दशक में ऐसे बदली डूसू की सियासत

संबंधित समाचार