श्रावस्ती में सड़क किनारे दिखा गिद्धों का झुंड: विलुप्तप्राय प्रजाति को एक साथ देख राहगीरों में मचा कौतूहल, मोबाइल में कैद किया नजारा

Amrit Vichar Network
On

लक्ष्मनपुर से लालपुर अयोध्या मार्ग पर ईंट-भट्ठे के पास की घटना, मृत जानवर के अवशेष खाते नजर आए गिद्ध

श्रावस्ती के भिनगा क्षेत्र में लक्ष्मनपुर-लालपुर मार्ग पर सड़क किनारे शनिवार को अचानक गिद्धों का झुंड दिखाई दिया। मृत जानवर के अवशेष खा रहे इन पक्षियों को देख राहगीरों में कौतूहल मच गया।

श्रावस्ती, अमृत विचार: जनपद के भिनगा क्षेत्र के लक्ष्मनपुर से लालपुर अयोध्या मार्ग पर शनिवार को एक दुर्लभ नजारा देखने को मिला, जब सड़क किनारे अचानक गिद्धों का एक बड़ा झुंड दिखाई दिया। विलुप्त होती इस प्रजाति को एक साथ इतनी संख्या में देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों में भारी कौतूहल मच गया। सड़क किनारे बैठे ये गिद्ध किसी मृत जानवर के अवशेष को अपना शिकार बनाते नजर आए। काफी लंबे समय के बाद क्षेत्र में एक साथ इतने सारे गिद्धों को देखने के बाद लोग हैरान रह गए और राहगीरों ने रुककर इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करना शुरू कर दिया।

सालों बाद एक साथ इतने गिद्ध दिखने से क्षेत्र में चर्चा

स्थानीय लोगों के अनुसार, पर्यावरण में बदलाव और अन्य कारणों से पिछले कुछ वर्षों में गिद्धों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। एक समय ऐसा था जब गांवों और खुले खेतों के आसपास गिद्ध आसानी से दिखाई दे जाते थे, लेकिन अब यह प्रजाति विलुप्त होने की कगार पर है और बहुत ही कम नजर आती है। यही वजह है कि लक्ष्मनपुर-लालपुर मार्ग पर अचानक एक साथ कई गिद्धों का दिखाई देना स्थानीय लोगों के बीच मुख्य चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा देखे गए इन गिद्धों की प्रजाति की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इस अंचल में इस तरह का नजारा दिखना वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी काफी कौतूहल का विषय रहा है।

यह भी पढ़ें:- 

मर्डर या हत्या? रायबरेली में सड़क किनारे खून से लथपथ मिला अधेड़ का शव

संबंधित समाचार