श्रावस्ती में स्कूलों के औचक निरीक्षण पर डीएम सख्त, कम उपस्थिति और गंदगी पर प्रधानाध्यापक को फटकार
गिलौली स्कूल में पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष कम मिली उपस्थिति, विफ्स पंजिका भी नहीं मिली अपडेट; दूबकला आंगनबाड़ी केंद्र में पोषाहार वितरण की ली जानकारी
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने गिलौली और दूबकला के विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा, उपस्थिति, सफाई, मिड-डे मील और आंगनबाड़ी पोषाहार व्यवस्था की समीक्षा की। गिलौली में कम उपस्थिति और अव्यवस्थाओं पर प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई।
श्रावस्ती, अमृत विचार। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने गिलौला क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय गिलौली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष उपस्थिति कम मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। वहीं विफ्स पंजिका भी अद्यतन नहीं मिली। इस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को फटकार लगाते हुए विद्यालय में शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ बच्चे विद्यालय के बाहर घूमते हुए भी मिले। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान को सभी बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उन्हें प्रतिदिन समय से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।

मिड-डे मील और यूनिफार्म की भी ली जानकारी
डीएम ने विद्यालय में मिड-डे मील की व्यवस्था की भी जानकारी ली। बिना यूनिफार्म विद्यालय आए बच्चों को उन्होंने यूनिफार्म पहनकर विद्यालय आने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। शौचालय की स्थिति खराब होने के साथ ही वहां हैंडवॉश की व्यवस्था भी सही नहीं मिली। परिसर में घास होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई।

उन्होंने प्रधानाध्यापक को फटकार लगाते हुए शौचालय और विद्यालय परिसर की बेहतर ढंग से सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने स्पोर्ट्स ग्रांट पंजिका, कम्पोजिट ग्रांट पंजिका समेत अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दूबकला स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण
इसके बाद जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय दूबकला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र दूबकला में बच्चों को दिए जा रहे पोषाहार के वितरण की जानकारी ली। साथ ही सैम-मैम बच्चों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को प्रत्येक दशा में पोषाहार उपलब्ध कराया जाए और उन्हें अन्य जरूरी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-High Court : चुनाव हारने के बाद नहीं मिलेगी दोबरा नौकरी, हाईकोर्ट से सरकारी कर्मचारियों को बड़ा झटका
