'हर हाल में करनी है गाय की रक्षा', गोवर्धन पूजा पर CM योगी का बड़ा संदेश; गोवंशों को गुड़-केला खिलाकर लिया आशीर्वाद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से किया गो पूजन, बोले- हर हाल में करनी है गाय की रक्षा; प्रदेश में 7,700 से अधिक गोशालाओं में संरक्षित हैं 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश

CM योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की। गायों को गुड़-केला खिलाया और बताया कि यूपी में 7,700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं।

गोरखपुरः दीपावली के पंच दिवसीय महापर्व की श्रृंखला के महत्वपूर्ण पर्व गोवर्धन पूजा के पावन उपलक्ष्य में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार प्रातः गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि विधान से गोवर्धन पूजा की। गोपूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गोसेवा की और प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें हर हाल में गाय की रक्षा करनी है। साथ ही उसकी नस्ल सुधार की दिशा में भी आगे बढ़ते हुए हर पशुपालक को समृद्धि के पथ पर अग्रसर करना है।

दीपावली के दिन रविवार से गोरखपुर प्रवास कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन की प्रक्रिया पूर्ण की। गायों और गोवंश को माला पहनाई, तिलक लगाया और गोमाता का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। गो पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गायों और गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया। इस दौरान वह कई गायों और गोवंश को उनका नाम लेकर पुकारते रहे और उनके पास जाकर उन्हें खूब दुलार भी किया। 

गोसंरक्षण के लिए अभिनव कार्यक्रम चला रही सरकार : सीएम योगी

गोवर्धन पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेशवासियों और सभी गोपालकों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गो महत्ता को प्रतिष्ठित करने वाली परंपरा का निर्वहन करने के लिए उत्तर प्रदेश में सरकार 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए एक अभिनव कार्यक्रम चला रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश रह रहे हैं।  

Chief Minister Yogi Adityanath – Govardhan Puja

गाय के साथ उसे पालने के लिए आर्थिक सहायता भी दे रही सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए राज्य सरकार की वर्तमान में तीन प्रकार की योजनाएं चल रही हैं। पहली, निराश्रित गोआश्रय स्थल, जो सरकार द्वारा संचालित है। दूसरी, सहभागिता स्कीम। इसके अंतर्गत कोई भी किसान अगर निराश्रित गोआश्रय स्थल से गाय ले जाकर उनका देखभाल करता है तो सरकार प्रति गाय लालन पालन के लिए प्रतिमाह 1,500 उपलब्ध कराती है। इसमें एक किसान को चार गाय तक की अनुमति है। यानी एक किसान इस स्कीम से हर माह 6,000 रुपये अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकता है। इसी क्रम में कुपोषित परिवार को भी दूध पीने के लिए निराश्रित गोआश्रय स्थल से एक-एक ब्याई हुई गाय दी जाती है। इस तीसरी योजना में प्रति गाय के लिए परिवार को हर माह 1,500 रुपये भी दिए जाते हैं। इन योजनाओं का बड़े पैमाने पर किसानों और कुपोषित परिवारों ने लाभ लिया है।  

सरकार का एक ही ध्येय, गाय सड़कों पर न हो

सीएम योगी ने कहा कि तीसरी स्कीम को राज्य सरकार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वयं ही संचालित करती है। ग्रामीण क्षेत्रों में गो आश्रयस्थल की व्यवस्था पशुपालन विभाग संचालित करता है जबकि नगरीय क्षेत्र में कान्हा उपवन के रूप में नगर विकास विभाग संचालित करता है। उन्होंने कहा कि गोसंरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार का एक ही ध्येय है कि गाय सड़कों पर न हो। किसानों की उपज को नुकसान न पहुंचाए, बल्कि सुरक्षित स्थान पर और सम्मानजनक ढंग से गाय की देखभाल हो सके। सीएम ने बताया कि निराश्रित गोआश्रय स्थल इसी उद्देश्य से प्रारंभ किए गए थे और आज उन्हें सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

कृषि और ऋषि प्रधान भारत की आत्मा है गाय

सीएम योगी ने कहा कि भारत जैसे कृषि और ऋषि प्रधान देश में गाय इसकी आत्मा है। भारत की धार्मिक और कृषि प्रधान परंपरा में गाय व गोवंश के महत्व को सदैव प्राथमिकता दी गई है। उसी परंपरा का निर्वहन दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के रूप में होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय पशु के रूप में एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपहार है। वह अपने आप में समृद्धि का एक खजाना है।  धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष, इन चारों पुरुषार्थों का सबसे महत्वपूर्ण साधन गोसेवा ही है। सीएम योगी ने कहा कि जिस भी परंपरा में गाय और  गोवंश के संरक्षण, संवर्धन के लिए ईमानदारीपूर्वक प्रयास होंगे, वहां पर सुख-समृद्धि अपने आप ही आती हुई दिखाई देगी।

Chief Minister Yogi Adityanath – Govardhan Puja (1)

गो ग्रास निकालने की भारतीय परंपरा का करें अनुसरण

गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से गोसेवा की भारतीय परंपरा का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान का होता है। अगर हर परिवार अपनी परंपरा का निर्वहन करते हुए गाय के हिस्से का और श्वान के हिस्से का भी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करे तो यह बड़ा सेवा कार्य होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नागरिक गाय नहीं पाल सकते वे धर्मार्थ कार्य की दृष्टि से संचालित गोशाला में सहयोग कर गोसेवा का कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गोसेवा से गोसेवक के घर में सुख और समृद्धि आएगी।

यह भी पढ़ेंः CM Yogi Janta Darshan: जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं 125 लोगों की फरियाद, बोले- चिंता मत करिए, हर समस्या का होगा समाधान