Dev Deepawali : 11 लाख से अधिक दीपों से जगमगाने को तैयार काशी के घाट, CM योगी ने की समीक्षा बैठक

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर काशी के घाटों, गंगा के रेतीले तट और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर गंगा महाआरती, चेत सिंह घाट पर लेजर शो और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव भी आयोजित होगा।

लखनऊ। देव दीपावली पर इस बार काशी की छटा और भी भव्य होने जा रही है। गंगा के घाटों से लेकर कुंडों और मंदिरों तक 11 लाख से अधिक दीप जलाकर काशी को रोशनी से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए गंगा महाआरती, ड्रोन शो, लेजर लाइट और ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

20 नवंबर से शुरू होगा गंगा महोत्सव, 24 को देव दीपावली

मुख्यमंत्री ने बताया कि नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव आयोजित होगा। इसके बाद 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाएगी। चार दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। इनमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलना चाहिए।

11 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट और कुंड

देव दीपावली पर काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बनाए दीपक भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दीपोत्सव केवल गंगा घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और प्रमुख मंदिरों व कुंडों में भी विशेष आयोजन किए जाएं।

गंगा महाआरती से ड्रोन शो तक होंगे आकर्षण

24 नवंबर को दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती आयोजित होगी। चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन और लेजर शो श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। वहीं दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो होगा। काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी। इसी दिन गुरु नानक जयंती भी है। इसे देखते हुए गुरुद्वारों में विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर में बंटेगा घाट क्षेत्र

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। निगरानी के लिए 27 वॉच टावर और ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। त्वरित प्रतिक्रिया दल और निजी गोताखोर भी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी।

पहली बार नावों के लिए लागू होगा टू-वे लेन सिस्टम

गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए नमो घाट से अस्सी घाट के बीच पहली बार फ्लोटिंग जेट्टी के जरिए टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत नावें एक दिशा में जाएंगी और रेतीले तट की ओर से दूसरी दिशा में लौटेंगी। नदी में डीजल चालित और बाहरी नावों के संचालन पर रोक रहेगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, जल पुलिस और फ्लड पीएसी की टीमें तैनात रहेंगी।

31 पार्किंग स्थल और 14 अस्पतालों को जोड़कर बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सात बाहरी डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए 14 अस्पतालों को जोड़कर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके।

20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और दीपदान के बाद घाटों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, टैक्सी और रेस्टोरेंट संचालकों से श्रद्धालुओं को उचित दरों पर सेवाएं देने की अपील की। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देव दीपावली काशी के आतिथ्य और प्रशासनिक कार्यकुशलता का भी प्रतीक है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि श्रद्धालु काशी से सुखद और अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।

ये भी पढ़ें :
यूपी के गांवों में रोजगार की बहार : 23 से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, मांग के अनुसार काम पाएंगे श्रमिक

संबंधित समाचार