Hardoi News : संडीला में खूनी वारदात से हड़कंप, ईंट से सिर कुचलकर प्लंबर की हत्या, भाई से पुलिस कर रही पूछताछ

Amrit Vichar Network
On

हरदोई के संडीला में प्लंबर राधेश्याम की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई, घटना के समय वह घर में अकेला था। पुलिस ने भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

हरदोई के संडीला कस्बे के मोहल्ला बरौनी में प्लंबर राधेश्याम की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। वह दीपावली पर दिल्ली से घर लौटा था और घटना के समय अकेला था। पुलिस ने मृतक के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

हरदोई, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला कस्बे में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मोहल्ला बरौनी में गुरुवार देर रात प्लंबर राधेश्याम की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के भाई घनश्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

घर में अकेला था राधेश्याम, ईंट से कुचल दिया सिर

पुलिस के मुताबिक, राधेश्याम पुत्र श्याम सुंदर पेशे से प्लंबर था। वह दिल्ली में काम करता था और दीपावली के अवसर पर अपने घर संडीला लौटा था। घटना के समय वह घर में अकेला था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे मृतक के भाई घनश्याम ने पुलिस को घटना की सूचना दी। राधेश्याम का शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

पत्नी और बच्चे गए थे मायके, बड़ा बेटा लौटा था गाजियाबाद

बताया गया कि राधेश्याम पत्नी राधा और पांच बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर काम करता था। दीपावली से पहले पत्नी और बच्चे संडीला आए थे। हालांकि, बड़ा बेटा ओंकार दो दिन पहले ही गाजियाबाद लौट गया था, जबकि पत्नी अपनी तीन बेटियों के साथ मायके चली गई थी। ऐसे में राधेश्याम घर पर अकेला रह गया था।

मोहल्ले के कार्यक्रम में गए थे परिवार के सदस्य

जानकारी के अनुसार, घनश्याम भी सात नवंबर को संडीला वापस आया था। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य मोहल्ले में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और वहीं रुक गए थे। घनश्याम घर पर मौजूद था। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे उसने फोन कर राधेश्याम को चोट लगने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

पत्नी ने रंजिश से किया इनकार, भाई हिरासत में

मृतक की पत्नी राधा ने किसी से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक के भाई घनश्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें:-Hardoi News : शराब ठेका सेल्समैन से लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन को दौड़ाकर दबोचा

संबंधित समाचार