PDA कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की हुंकार, बाराबंकी की सभी छह सीटों पर सपा की जीत का दावा

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

हैदरगढ़, बाराबंकी, अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि PDA की ताकत के दम पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में बाराबंकी की सभी छह विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

बाराबंकी की विधानसभा हैदरगढ़ में पूर्व विधायक राममगन रावत की ओर से दतौली चौराहा स्थित मंडपम मैरिज लॉन में PDA कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया था। विधानसभा अध्यक्ष परशुराम यादव की अध्यक्षता और जिला सचिव रमेश चौधरी के संचालन में हुए सम्मेलन में मुख्य अतिथि श्यामलाल पाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक पार्टी को पहुंचाने का संकल्प लिया है। इसे पूरा करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करना होगा। उन्होंने मौजूदा सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। पाल ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से PDA के प्रत्येक व्यक्ति तक पार्टी का संदेश पहुंचाने और अपने-अपने बूथ, सेक्टर व जोन को मजबूत करने की अपील की।

सम्मेलन को राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, विधायक गौरव रावत, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, पूर्व विधान परिषद सदस्य अरविंद यादव व राजेश यादव राजू समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया और 2027 में सपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया। इससे पहले कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक राममगन रावत ने प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल सहित अन्य नेताओं का माला पहनाकर स्वागत किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, सेक्टर व जोन प्रभारी, जिला पदाधिकारी और विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : प्रतापगढ़ : अवैध गिरफ्तारी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में घिरे दो दारोगा, जमानती वारंट जारी

संबंधित समाचार