Pratapgarh News: भाग्यलक्ष्मी क्लेक्शन में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
प्रतापगढ़ में एसपी ऑफिस के पास महालक्ष्मी कलेक्शन के कपड़ा शोरूम में शुक्रवार भोर भीषण आग लग गई। तीन दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शोरूम में रखे कपड़े, साड़ियां, कॉस्मेटिक और नकदी जलने की आशंका है।
प्रतापगढ़, अमृत विचार: एसपी कार्यालय के पास कटरा रोड स्थित भाग्यलक्ष्मी कलेक्शन के कपड़ा शोरूम में शुक्रवार भोर अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से उठते काले धुएं के गुबार ने आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मचा दी। आग में लाखों रुपये के सामान के जलकर खाक होने की आशंका है।
दुकान से धुआं निकलता देख पास स्थित जिम सेंटर के लोगों ने तत्काल सतर्कता दिखाई। उन्होंने दुकान के बोर्ड पर दर्ज नंबर पर संपर्क कर मालिक शेषाद्री सिंह, अनुराग सिंह और रवि सिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और फायरब्रिगेड को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दुकान के भीतर धुआं इतना घना था कि दमकल कर्मियों को अंदर जाने में काफी दिक्कत हुई। इसके बाद स्मोक एग्जॉस्ट मंगाया गया। फायरब्रिगेड कर्मियों ने ऑक्सीजन मास्क समेत जीवनरक्षक उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए दुकान के भीतर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

साड़ी, कपड़े और कॉस्मेटिक समेत नकदी जलने का अनुमान
आग से शोरूम में रखे महंगे कपड़े, साड़ियां और कॉस्मेटिक सामान के साथ गल्ले में रखी नकदी के भी जलने का अनुमान है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन आग पूरी तरह बुझने और दुकान के सामान की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सहायक अग्निशमन अधिकारी राधेश्याम दुबे ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सवा पांच बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। धुआं अधिक होने के कारण स्मोक एग्जॉस्ट मंगाया गया और जीवनरक्षक उपकरणों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना में आसपास की सभी दुकानें सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ : डीजे की तेज आवाज से बच्ची की मृत्यु का हाईकोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
