Pratapgarh News : मांगों के समर्थन में फार्मासिस्टों का प्रदर्शन, सीएमओ को सौंपा 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने सीएमओ कार्यालय परिसर में दिया धरना, मांगें पूरी नहीं होने पर 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान
प्रतापगढ़ में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना दिया। फार्मासिस्टों ने पदनाम बदलने, ग्रेड पे बढ़ाने, प्रभार भत्ता बढ़ाने और पीएचसी-सीएचसी में पद सृजन समेत कई मांगें उठाईं। मांगें पूरी नहीं होने पर 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।
प्रतापगढ़, अमृत विचार : डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर शुक्रवार को जनपद के फार्मासिस्टों ने अपनी 18 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय व संचालन जिला मंत्री राकेश कुमार यादव ने किया। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित 18 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सीएमओ को सौंपा।
ज्ञापन में फार्मासिस्ट का पदनाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी तथा चीफ फार्मासिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी किए जाने, फार्मासिस्टों को सीमित औषधियों के लिए नुस्खा लिखने का अधिकार देने, फार्मासिस्ट का ग्रेड पे 4600 एवं चीफ फार्मासिस्ट का ग्रेड पे 5400 किए जाने की मांग के अलावा एलोपैथिक चिकित्सा अधिकारी की अनुपस्थिति में फार्मासिस्ट को मिलने वाले प्रभार भत्ते को 75 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये करने, लंबित वरिष्ठता सूची जारी करने, पीएचसी एवं सीएचसी पर आवश्यकतानुसार पदों का सृजन करने तथा दवाओं का वितरण केवल फार्मासिस्टों के माध्यम से कराए जाने सहित अन्य मांगें शामिल रहीं।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो 20 नवंबर को लखनऊ में होगा प्रदर्शन
जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी और विभाग की रीढ़ हैं। बावजूद इसके उनकी जायज मांगें लंबे समय से लंबित हैं। समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए। चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जिला मंत्री राकेश कुमार यादव ने कहा कि फार्मासिस्ट अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट हैं। एसोसिएशन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचा रही है।।
ये पदाधिकारी और फार्मासिस्ट रहे मौजूद
धरने में प्रमुख रूप से वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदय राज सिंह, उपाध्यक्ष हरिशंकर सिंह, संगठन मंत्री संदीप कुमार सिंह, संयुक्त मंत्री मान सिंह यादव, कोषाध्यक्ष बृज किशोर श्रीवास्तव, ऑडिटर रंजीत यादव सहित सदस्य मदन सिंह,सुशील कुमार,अमर सिंह,राम मनोहर,अश्वनी श्रीवास्तव,संतोष यादव,ए.के. पाण्डेय,राजेन्द्र यादव एवं कैलाश नाथ सहित जनपद के विभिन्न चिकित्सालयों,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-Pratapgarh News: श्रीराम कथा सुनेंगे 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी, राजा भैया ने किया आमंत्रित
