Pratapgarh News : रानीगंज में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना पंजीकरण चल रहे पांच अस्पताल और क्लीनिक सील
स्वास्थ्य विभाग की एक औचक टीम ने रानीगंज क्षेत्र में बिना पंजीकरण के धड़ल्ले से चल रहे पांच अस्पतालों और क्लीनिकों को सील कर दिया
प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिना पंजीकरण संचालित पांच चिकित्सा संस्थानों को सील किया है। कार्रवाई में आदर्श पैथोलॉजी, न्यू लाइफ क्लीनिक, किरण पॉलीक्लीनिक, यथार्थ पॉलीक्लीनिक और चक्रधारी पटेल क्लीनिक शामिल हैं। डीएम की चौपाल में मिली शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया।
रानीगंज/प्रतापगढ़ अमृत विचार। रानीगंज क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। स्वास्थ्य विभाग की एक औचक टीम ने रानीगंज क्षेत्र में बिना पंजीकरण के धड़ल्ले से चल रहे पांच अस्पतालों और क्लीनिकों को सील कर दिया। इस अचानक की गई कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध अस्पताल और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।
डीएम की चौपाल में मिली थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, विकासखंड गौरा में आयोजित डीएम अभिषेक पांडेय की चौपाल के दौरान क्षेत्र में अवैध रूप से अस्पतालों के संचालन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी के आदेश के साथ-साथ एसडीएम रानीगंज और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद के कड़े निर्देशों के बाद यह औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश कुमार ने किया। उनके साथ जांच टीम में एआरओ उग्रसेन, एआरओ गौरा आशीष और बीपीएम गौरा नितिन शर्मा शामिल रहे। टीम ने विभिन्न जगहों पर पहुंचकर संस्थानों के कागजात और वैध पंजीकरण की जांच की।
इन संस्थानों पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान जिन पांच प्रमुख संस्थानों के पास संचालन हेतु वैध पंजीकरण नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसमें आदर्श पैथोलॉजी जो कि सीएचसी गौरा के ठीक सामने संचालित हो रही थी। न्यू लाइफ क्लीनिक यह सुवंशा रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित है। किरण पालीक्लीनिक यह कैलीडीह क्षेत्र में चल रही थी। यथार्थ पालीक्लीनिक यह गीतानगर, रानीगंज में स्थित है और चक्रधारी पटेल क्लिनिक जो कि।सुरुआमिश्रपुर में संचालित हो रही थी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कठोर कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि बिना मानकों और पंजीकरण के जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस प्रकार के अवैध चिकित्सा केंद्रों के खिलाफ औचक निरीक्षण और सीलिंग की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इनपुट : अशोक कुमार सिंह
यह भी पढ़ें:-Pratapgarh News : एक ही जन्मतिथि पर बनवा लिए दो पासपोर्ट, कुण्डा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
