हल्द्वानी : आरटीओ के कर्जदार नहीं करा पाएंगे फिटनेस, न होगी वाहन की सर्विस

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

परिवहन विभाग का हल्द्वानी संभाग में सख्त आदेश; बकाया चालान और टैक्स चुकाए बिना कमर्शियल वाहनों की फिटनेस और शोरूम में सर्विस व मरम्मत पर लगी रोक

अगर आप आरटीओ के कर्जदार हैं यानी आपके वाहन पर चालान बकाया है तो समझ लीजिए कि अब आपके वाहन की फिटनेस नहीं हो पाएगी। न सिर्फ फिटनेस बल्कि शोरूम ले जाकर आप अपने वाहन की सर्विस या मरम्मत भी नहीं करा पाएंगे। परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए हैं। अब बकाया चालान और टैक्स का भुगतान किए बिना कमर्शियल वाहनों की फिटनेस नहीं होगी।

हल्द्वानी, अमृत विचार : अगर आप आरटीओ के कर्जदार हैं यानी आपके वाहन पर चालान बकाया है तो समझ लीजिए कि अब आपके वाहन की फिटनेस नहीं हो पाएगी। न सिर्फ फिटनेस बल्कि शोरूम ले जाकर आप अपने वाहन की सर्विस या मरम्मत भी नहीं करा पाएंगे। परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में इस संबंध में सख्त आदेश जारी किए हैं। अब बकाया चालान और टैक्स का भुगतान किए बिना कमर्शियल वाहनों की फिटनेस नहीं होगी।

वहीं, सामान्य वाहनों की सर्विस और मरम्मत के लिए आने पर भी लंबित ई-चालान की जांच अनिवार्य कर दी गई है। चालान बकाया मिलने पर वाहन स्वामी को पहले उसका भुगतान करना होगा, इसके बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आरटीओ (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे की ओर से जारी निर्देशों में संभाग के सभी अधिकृत ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर, वाहन डीलर, सर्विस सेंटर और वर्कशॉप को आदेश का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। विभाग के संज्ञान में आया था कि कई वाहन स्वामी मोटर वाहन अधिनियम के तहत काटे गए चालानों और बकाया टैक्स का भुगतान किए बिना ही वाहनों की फिटनेस करा रहे हैं। इतना ही नहीं, सर्विस और मरम्मत के बाद वाहन लेकर भी निकल जाते हैं। इससे यातायात नियमों के पालन और सरकारी राजस्व की वसूली पर असर पड़ रहा है। 

इस पर सख्ती दिखाते हुए माननीय उच्चतम न्यायालय की सड़क सुरक्षा समिति के दिशा-निर्देशों के क्रम में यह व्यवस्था लागू की गई है। आदेश के अनुसार, फिटनेस के लिए आने वाले प्रत्येक कमर्शियल वाहन के पुराने चालान और टैक्स देयता की संबंधित पोर्टल या डेटाबेस के माध्यम से जांच की जाएगी। बकाया मिलने पर भुगतान होने तक फिटनेस प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा। इसी तरह सर्विस और मरम्मत के लिए आने वाले निजी और अन्य सामान्य वाहनों के लंबित चालानों की जांच ई-चालान पोर्टल या एम-परिवहन ऐप के माध्यम से करनी होगी। चालान बकाया होने पर वाहन स्वामी को इसकी जानकारी देकर भुगतान के लिए निर्देशित किया जाएगा। चालान का निस्तारण होने के बाद ही वाहन की सर्विसिंग और डिलीवरी सहित संबंधित औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आदेशों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले फिटनेस सेंटर, डीलर, सर्विस सेंटर और वर्कशॉप की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : डिजिटल तरीके से होगी जनगणना, स्व-गणना पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण

संबंधित समाचार