हल्द्वानी: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, फरवरी में दूसरी बार बिगड़ा मौसम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। सोमवार की रात से ही बारिश होने का भी अनुमान है। अगले दो से तीन दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। 

हल्द्वानी में सुबह के समय धूप निकली लेकिन अपरान्ह से ही बादल छा गए। साथ ही हवाएं भी चलने लगीं। पहाड़ों में भी इसी तरह का मौसम बना हुआ है। बादल छा रहे हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम में बदलाव हो चुका है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। अगले तीन से चार दिनों तक मौसम इसी तरह से बदला रहेगा।

मैदानी इलाकों में मंगलवार और बुधवार तक 15 से 20 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है। पहाड़ों में गुरुवार तक 30 मिमी तक बारिश हो सकती है। ठंड के मौसम में इतनी बारिश को भारी बारिश माना जाता है। साथ ही 2800 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी होने का ओरेंज अलर्ट जारी किया है।। साथ ही बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इधर हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री दर्ज किया गया है। 

फिर से बढ़ेगी ठंड
हल्द्वानी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों तक एक बार फिर से ठंड बढ़ने के आसार हैं। पहाड़ों में बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आएगी। 22 फरवरी से एक बार फिर से तापमान में बढ़ोत्तरी शुरू हो जाएगी। मौसम साफ होने के साथ ही धूप में तपिश भी बढ़ेगी।

पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। फरवरी में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। अगले तीन दिनों तक मौसम बदला रहेगा।

-डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, पंतनगर

संबंधित समाचार