हल्द्वानी: नहर कवरिंग रोड पर देवखड़ी नाले में कारें बहने से बची

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। तेज बारिश से नालों में फिर से उफान आ गया। देवखड़ी नाले में दो कारें बहने से बच गई। हादसे के समय दोनों कार में लोग भी मौजूद थे। नाले के पास लगे बैरेकेडिंग में जब कारें फंस गईं तो कार से उतरकर सवारियों ने अपनी जान बचाई। 

बुधवार के तड़के अचानक मौसम में बदलाव हुआ। बारिश की वजह से एक बार फिर से देवखड़ी नाले में भी उफान आ गया। नहर कवरिंग रोड पर हाइडिल से कॉलटैक्स की तरफ नाले का बहाव दूसरी ओर मुड़ता है। नाले के उफान में दो कारें भी आ गईं। दोनों कार के चालक बहाव में भी कार को चलाने की कोशिश कर रहे थे।

बहाव इतना तेज था कि कार चालकों का कार के ऊपर कोई नियंत्रण नहीं रहा और दोनों कार पानी की तेज बहाव में बहने लगीं। गनीमत है कि नाले के पास प्रशासन ने हाल ही में बैरकेडिंग लगाई थी। दोनों ही कारें बैरेकेडिंग में फंस गई थी। एक कार में बैठे ड्राइवर ने तुरंत कार से निकलकर अपनी जान बचाई।

दूसरी कार में सवारी बैठी थी वो भी तुरंत कार से उतर गई। यदि नाले के पास बैरकेडिंग नहीं लगी होती हो दोनो कार नाले में बह जाती। उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। उल्लेखनीय है 11 जुलाई की रात देवखड़ी नाले को पार करने की कोशिश करते हुए बाइक सवार आकाश सिंह की जान चली गई थी।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कहा कि लोग नालों में बहाव के समय पार नहीं करें। अन्यथा जानलेवा हादसे हो सकते हैं। हालांकि इसके बावजूद लोग नालों को बहाव के पास पार करने से नहीं रुक रहे हैं और हादसें हो रहे हैं। इसके अलावा कलसिया और रकसिया नाले में भी उफान आ गया। दमुवाढूंगा में कमेटिया नाले का पानी और मलवा एक बार फिर से बिठौरिया के गैर वैशाली क्षेत्र में घुस गया। 

तीन घंटे में बरस गया 102 मिमी पानी
काठगोदाम, रानीबाग और हल्द्वानी के एक बड़े हिस्से में बुधवार के तड़के मूसलाधार बारिश हुई। बारिश बहुत तेज थी और तीन घंटे तक लगातार होती रही।

काठगोदाम, रानीबाग, दमुवाढूंगा, बमौरी, पॉलीशीट, कठघरिया, कमलुवागांजा आदि इलाकों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश सुबह करीब 5:30 बजे तक चली। बारिश की बौछारें इतनी तेज थीं कि सुबह के समय राहगीरों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया था।

महज तीन घंटे के अंदर ही 102 मिमी बारिश हो गई। हल्द्वानी के शेष हिस्सों जैसे देवचौड़, मानपुर पश्चिम, रामपुर रोड, टीपीनगर आदि क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने गुरुवार को भी बारिश होने का अनुमान जताया है। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से ज्यादा हैं।

संबंधित समाचार