कौन हैं भगवान धनवंतरि ? धनतेरस पर क्यों होती है भगवान धनवंतरि की पूजा, जानें आयुर्वेद के जनक की महिमा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

भगवान धनवंतरि को आयुर्वेद का जनक और आरोग्य का देवता माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, वे समुद्र मंथन के दौरान अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। धनतेरस पर उनकी पूजा का विशेष महत्व है। जानें भगवान धनवंतरि की उत्पत्ति, आयुर्वेद से उनका संबंध और पूजा का धार्मिक महत्व।

भगवान धनवंतरि का उल्लेख भागवत पुराण, महाभारत, हरिवंश और गरुड़ पुराण सहित अनेक ग्रंथों में मिलता है। समुद्र मंथन के समय 14 रत्नों के साथ चौदहवें क्रम में भगवान धनवंतरी भी प्रकट हुए थे। भगवान धनवंतरि की चार भुजाएं थीं। उनके एक हाथ में अमृत कलश, दूसरे में शंख, तीसरे में चक्र और चौथे हाथ में औषधि का पात्र था। भगवान धनवंतरि का शरीर दिव्य तेज से चमक रहा था। भगवान धनवंतरि ने अमृत कलश देवताओं को प्रदान किया और मानव समाज का औषधि पात्र के साथ अमूल्य ज्ञान दिया। 
 
भारतीय संस्कृति में स्वास्थ्य को प्रमुख स्थान प्राप्त है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क विद्यमान रहता है एवं स्वस्थ मस्तिष्क में ही सुंदर विचार उत्पन्न होते हैं। हमारे शास्त्रों में कहा गया है- “शरीरमाध्यं खलु धर्म साधनम।” अर्थात शरीर ही धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की साधना का प्रथम सोपान है। स्वस्थ शरीर की अनुपस्थिति में उपर्युक्त कार्य नहीं हो सकते हैं। इस मानव शरीर की रक्षा के लिए भगवान ने जब अवतार लिया तो वे - भगवान धनवंतरि कहलाएं। आयुर्वेद के आदिदेव एवं आरोग्य के अधिष्ठाता।
 
‘भगवान धनवन्तरि कहते हैं आयुर्वेदः नाम वेदोपवेदाः।  जीवनस्य दीर्घिते तेन लभ्यते ।।’ अर्थात आयुर्वेद वह उपवेद है, जो जीवन को दीर्घ स्वस्थ और संतुलित रूप प्रदान करता है।  मानव शरीर पंच महाभूतों - पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश से बना है। भगवान धनवंतरि ने शरीर में केवल तीन दोषों का प्रतिपादन किया। आयुर्वेद के अनुसार शरीर के सारे रोग जिन तीन दोषों के कारण उत्पन्न होते हैं, उनके नाम है – वात, पित और कफ। भगवान धनवंतरि के शिष्य सुश्रुत ने भगवान धनवंतरि के उपदेशों को ‘सुश्रुत संहिता’ में संकलित किया है। यह ग्रंथ विश्व चिकित्सा विज्ञान एवं शल्य शकित्सा का मुख्य ग्रंथ माना जाता है। धनवंतरी ने बताया कि ब्रह्मा द्वारा हमें प्रदत्त यह मान शरीर केवल देह नहीं है, अपितु यह मन प्राण और आत्मा का समन्वित रूप है। यदि हमें कोई रोग नहीं है, तो इसका अर्थ स्वस्थ होना नहीं है। हमारा मन और हमारी आत्मा भी स्वस्थ होनी चाहिए, जिससे हमें कोई बुरे कार्य करने की प्रेरणा ना मिले। उन्होंने कहा:-
 
 
“समदोषः समाग्निश्च समधातु मलक्रियः।
प्रसन्नात्मेन्द्रिय मनः स्वस्थ इत्यभिधीयते ।।’’
 
अर्थात जब शरीर के दोष, धातु और मल संतुलित हों अग्नि सम हो और मन तथा इन्द्रियां प्रसन्न हों तभी मनुष्य स्वस्थ शरीर वाला माना जाता है। भगवान धनवंतरि का प्राकट्य दिवस हम दीपावली से दो दिन पूर्व धनतेरस के दिन मनाते हैं। भारत सरकार ने इस दिवस को आयुर्वेद दिवस के रूप में भी मनाने की मान्यता दी है।  आज हमारा जीवन भागदौड़ और असंतुलित खान-पान से भरा हुआ है। आज की जीवनशैली में अखाद्य और असमय भोजन ने हमें चिकित्सकों को मुरीद बना दिया है। संतुलित भोजन एवं नियमित दिनचर्चा, औषधि एवं संयमित विचार भी हमें स्वस्थ एवं दीर्घायु बना सकते हैं। 
भगवान धनवंतरि, चिकित्सा विज्ञान के जनक तो हैं ही, साथ ही आरोग्य और आत्मबल के प्रतीक भी हैं। उनका दर्शन हमें सिखाता है कि स्वास्थ्य केवल औषधियों से ही नहीं, अपितु शुद्ध विचारों और सत्वगणी जीवन से प्राप्त होता है।
 
अशोक सूरी,  आध्यात्मिक लेखक, बरेली

संबंधित समाचार