उंगली में सुई चुभाए बिना शुगर जांच की उम्मीद
हर दिन की शुरुआत दवा से पहले शुगर जांच से होती है। ग्लूकोमीटर की सुई उंगली में चुभती है, खून की एक बूंद निकलती है और फिर सामने आती है ब्लड शुगर की रीडिंग। मधुमेह के मरीजों के लिए यह प्रक्रिया भले ही रोजमर्रा की आदत बन चुकी हो, लेकिन बार-बार सुई चुभने की परेशानी से निजात की उम्मीद अब नई तकनीक जगा रही है। इस उम्मीद को आकार देने की कोशिश की है लखीमपुर खीरी के युवा मुनीर खान ने। उनकी विकसित की जा रही नॉन-इनवेसिव फोटोनिक मेडिकल डिवाइस के डिजाइन को ब्रिटेन के इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑफिस में अगस्त में पंजीकरण मिला है।
जिले के ब्लॉक बेहजम के छोटे से गांव गौरिया निवासी युवा साइंटिस्ट मुनीर खान ने फोटोनिक सेंसर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित ऐसी तकनीक पर काम किया है, जिसका उद्देश्य बिना खून निकाले ग्लूकोज स्तर की निगरानी की दिशा में रास्ता तैयार करना है। उनकी डिवाइस का नाम नॉन इन्वैसिव फोटोनिक मेडिकल डिवाइस फॉर डाइबेटीज मॉनीटरिंग रखा गया है। मुनीर खान ने बताया कि इस तकनीक की खासियत इसका नॉन-इनवेसिव यानी बिना सुई और बिना खून निकाले काम करने का संभावित तरीका है। डिवाइस में लगे फोटोनिक सेंसर त्वचा के संपर्क में रहकर प्रकाश संकेतों के माध्यम से शरीर से संबंधित जानकारी जुटाने की दिशा में काम करेंगे। इसके बाद एआई आधारित प्रणाली इन संकेतों का विश्लेषण कर ग्लूकोज स्तर का अनुमान लगाने में मदद करेगी। यानी जिस जांच के लिए आज मरीज को उंगली में सुई चुभानी पड़ती है, भविष्य में उसी निगरानी को सेंसर और सॉफ्टवेयर की मदद से आसान बनाने की कोशिश की जा रही है।
लखीमपुर से ब्रिटेन तक पहुंची तकनीक
मुनीर खान की इस पहल की खास बात यह भी है कि इसकी डिजाइन को ब्रिटेन के इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑफिस में पंजीकरण मिला है। इससे लखीमपुर जैसे जिले से निकलकर तकनीकी नवाचार के अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की कहानी सामने आती है। इस तकनीक को छोटा और पोर्टेबल बनाने की दिशा में मुनीर खान के साथ उनके साथी मृदुल पांडेय ने भी काम किया है। इसका उद्देश्य भविष्य में डिवाइस को ऐसा रूप देना है, जिसे घर, कार्यालय या यात्रा के दौरान भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सके। हालांकि डिजाइन का पंजीकरण इस तकनीक के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन इसे बाजार में उपलब्ध होने या मरीजों पर इस्तेमाल किए जाने से पहले कई चरणों से गुजरना होगा। डिवाइस की सटीकता और विश्वसनीयता के परीक्षण, चिकित्सकीय मूल्यांकन और संबंधित नियामक मंजूरियां जरूरी होंगी। यही वजह है कि फिलहाल इसे मधुमेह की जांच का तैयार विकल्प नहीं, बल्कि भविष्य की संभावित तकनीक के रूप में देखना उचित होगा। यदि इसके परीक्षण अपेक्षित परिणाम देते हैं और आवश्यक मंजूरियां मिलती हैं, तो यह मधुमेह रोगियों के लिए जांच की प्रक्रिया को काफी सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
मुनीर खान की प्रेरक यात्रा
पांच भाइयों में सबसे छोटे मुनीर खान ने कठिन चुनौतियों के बावजूद एक नई दिशा बनाई। वे परिवार के पहले स्नातक हैं और उनकी मेहनत व लगन ने उन्हें अमेरिका की प्रतिष्ठित कोलंबिया यूनिवर्सिटी तक पहुंचाया। पढ़ाई के दौरान उन्होंने बड़े नौकरी के ऑफर ठुकराकर खुद का स्टार्टअप शुरू किया। 2024 में उन्हें यंग साइंटिस्ट का अवार्ड मिला। उन्होंने अमेरिका की हावर्ड यूनिवर्सिटी में कैंसर के इलाज पर शोध किया। उन्होंने 2024 में ही दृष्टिहीनों के लिए एआई तकनीक पर आधारित एक ऐसा चश्मा विकसित किया था, जिससे नेत्रहीन लोग भी देख सकते हैं।
एक सुई से शुरू होती है रोज की परेशानी
मधुमेह के मरीजों के लिए नियमित ग्लूकोज मॉनिटरिंग बेहद महत्वपूर्ण होती है। कई मरीजों को दिन में एक से अधिक बार शुगर जांचनी पड़ती है। ऐसे में उंगली में बार-बार सुई चुभाना केवल शारीरिक परेशानी नहीं, बल्कि कई लोगों के लिए जांच से जुड़ी झिझक और असुविधा भी बन जाता है। मुनीर की तकनीक इसी परेशानी को कम करने की संभावना तलाश रही है। यदि सेंसर आधारित निगरानी अपेक्षित सटीकता के साथ सफल होती है, तो भविष्य में मरीजों को बार-बार खून की बूंद निकालने की जरूरत कम हो सकती है।
तकनीक सफल हुई तो बदल सकता है जांच का तरीका
मधुमेह की दुनिया में लगातार ऐसी तकनीकों पर काम हो रहा है, जो मरीजों के लिए ग्लूकोज मॉनिटरिंग को आसान और कम पीड़ादायक बना सकें। लखीमपुर के मुनीर खान की पहल इसी दिशा में एक स्थानीय नवाचार की कहानी है। ब्रिटेन में डिजाइन का पंजीकरण इस सफर का एक पड़ाव है। असली सफलता तब मानी जाएगी, जब तकनीक कठोर वैज्ञानिक और चिकित्सकीय परीक्षणों में अपनी सटीकता साबित करे और जरूरी नियामक मंजूरियां हासिल कर मरीजों तक पहुंच सके। अगर ऐसा होता है तो हो सकता है कि आने वाले समय में मधुमेह की जांच के लिए उंगली में सुई चुभाने की रोज की आदत धीरे-धीरे बीते दौर की बात बन जाए।
मरीजों को क्या मिल सकती है सुविधा
बिना सुई की जांच की उम्मीद
बिना खून निकाले ग्लूकोज स्तर की निगरानी की संभावना।
बार-बार चुभने से राहत
दिन में कई बार उंगली में सुई लगाने की परेशानी कम हो सकती है।
विकास शुक्ला, लखीमपुर खीरी
