Team India का Asian Games मैच अब भारत में कितने बजे शुरू होगा? नॉकआउट मुकाबलों की बदली टाइमिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

Asian Games 2026 में पुरुष क्रिकेट के नॉकआउट मैचों की टाइमिंग बदल गई है। जानिए भारत में Team India के मुकाबले कितने बजे शुरू होंगे और किन मैचों पर बदलाव लागू होगा।

नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट टीम के नॉकआउट मुकाबलों के समय में बदलाव किया गया है। नए शेड्यूल के मुताबिक, दोपहर में होने वाले नॉकआउट मैच अब निर्धारित समय से 30 मिनट पहले शुरू होंगे। जापान में जिन मुकाबलों का आयोजन पहले दोपहर 2 बजे होना था, वे अब दोपहर 1:30 बजे से खेले जाएंगे।

हालांकि, भारतीय फैंस के लिए राहत की बात यह है कि महिला क्रिकेट टीम के मैचों की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। महिला टीम के मुकाबले पहले से निर्धारित समय के अनुसार ही होंगे।

भारत में सुबह 10 बजे से देख सकेंगे मैच

एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को सीधे नॉकआउट दौर में जगह मिली है। जापान का समय भारत से 3 घंटे 30 मिनट आगे है। ऐसे में जापान में दोपहर 1:30 बजे शुरू होने वाला मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा।

वहीं, सुबह खेले जाने वाले मुकाबलों की टाइमिंग में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। ये मैच जापान के समयानुसार सुबह 9 बजे शुरू होंगे, यानी भारत में फैंस इन्हें सुबह 5:30 बजे से देख सकेंगे।

क्वार्टर फाइनल से फाइनल तक बदला रहेगा समय

मैचों की नई टाइमिंग का असर क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों पर होगा। ये सभी मैच जापान के स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे।

हालांकि, इस बदलाव की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों तक अभी नहीं पहुंची है। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के मुताबिक, उसे इस बदलाव के बारे में सूचित नहीं किया गया था। दूसरी ओर, एशियन गेम्स की आधिकारिक वेबसाइट पर मैचों का नया समय अपडेट कर दिया गया है।

इन चार मुकाबलों पर पड़ेगा असर

एशियन गेम्स क्रिकेट के बदले हुए शेड्यूल के अनुसार 28 सितंबर का दूसरा क्वार्टर फाइनल, 1 अक्टूबर का दूसरा सेमीफाइनल और 3 अक्टूबर का गोल्ड मेडल यानी फाइनल मुकाबला जापान के समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा।

इसके विपरीत पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला पहला क्वार्टर फाइनल, पहला सेमीफाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला अपने निर्धारित समय पर ही होगा। ये मैच जापान के समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होंगे।

क्यों बदली गई पुरुष नॉकआउट मैचों की टाइमिंग?

पहले दौर के मुकाबलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, नॉकआउट मुकाबलों को आधा घंटा पहले कराने के पीछे जापान में जल्दी सूर्यास्त होना प्रमुख वजह है।

जिन मैदानों पर क्रिकेट मुकाबले खेले जाने हैं, वहां रात में मैच कराने के लिए फ्लड लाइट्स की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में मुकाबले दिन के उजाले में पूरे हो सकें, इसके लिए दोपहर वाले मैचों को 30 मिनट पहले शुरू करने का फैसला किया गया है।

20वें एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 के बीच किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः India vs Sri Lanka Final: 2024 का बदला या फिर श्रीलंका का दबदबा? 13 सितंबर को फैसला

संबंधित समाचार