IND vs NZ 4th ODI: गुरनूर बराड़ का आक्रामक सेंड-ऑफ, विराट कोहली ने संभाला मोर्चा; मैदान पर गरमाया माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

टिम साइफर्ट को 58 रन पर आउट करने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज ने दिखाए तीखे तेवर, अंपायर क्रिस ब्राउन ने भी गुरनूर को दी संयम बरतने की हिदायत

भारत-न्यूजीलैंड चौथे वनडे में टिम साइफर्ट को आउट करने के बाद गुरनूर बराड़ ने आक्रामक सेंड-ऑफ दिया। विराट कोहली ने बीच में आकर मामला शांत कराया। जानें पूरा घटनाक्रम।

माउंट माउंगानुई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे वनडे मुकाबले में उस समय मैदान का माहौल गरमा गया, जब भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ विकेट लेने के बाद अपना आपा खो बैठे। भारतीय टीम को पहली सफलता के लिए 12 ओवर तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुरनूर ने कीवी सलामी बल्लेबाज टिम साइफर्ट को पवेलियन भेज दिया। हालांकि, विकेट मिलने की खुशी में गुरनूर ने जिस अंदाज में साइफर्ट को सेंड-ऑफ दिया, उससे मैदान पर तनाव बढ़ गया। हालात बिगड़ते देख विराट कोहली ने बीच में आकर गुरनूर को शांत कराया और साइफर्ट से दूर ले गए।

144 की रफ्तार वाली गेंद पर साइफर्ट का विकेट

12वें ओवर की आखिरी गेंद पर गुरनूर बराड़ ने करीब 144 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शॉर्ट गेंद डाली। उस समय 58 रन बनाकर खेल रहे टिम साइफर्ट गेंद की गति और उछाल को ठीक से समझ नहीं पाए। उन्होंने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में ऊंची उठ गई।

विकेट के पीछे मौजूद ईशान किशन ने शानदार फुर्ती दिखाई और पीछे की ओर बाईं तरफ दौड़ते हुए कैच लपक लिया। इस तरह भारतीय टीम को पहली सफलता मिली और साइफर्ट की पारी का अंत हुआ।

गुरनूर के तेवर देख बीच में आए विराट कोहली

कैच पूरा होते ही गुरनूर बराड़ जोश में सीधे साइफर्ट के सामने पहुंच गए और आक्रामक अंदाज में चिल्लाने लगे। उनके इस सेंड-ऑफ के बाद मैदान पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को संभालने के लिए विराट कोहली तुरंत गुरनूर के पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर साइफर्ट से अलग कर दिया।

मैदानी अंपायर क्रिस ब्राउन ने भी मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने गुरनूर बराड़ से बात की और उन्हें संयम बरतने की हिदायत दी।

गुरनूर पर हो सकती है कार्रवाई

गुरनूर बराड़ का यह आक्रामक जश्न अब उनके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। सेंड-ऑफ के इस मामले पर मैच रेफरी संज्ञान ले सकते हैं। यदि उनकी हरकत को आचार संहिता का उल्लंघन माना जाता है, तो युवा भारतीय तेज गेंदबाज के खिलाफ आईसीसी के नियमों के तहत कार्रवाई हो सकती है।

यह भी पढ़ेंः Ball Tampering Controversy : बॉल टैंपरिंग विवाद पर फिर भिड़े ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, उस्मान ख्वाजा के आरोपों को पैट कमिंस ने बताया 'बकवास'

संबंधित समाचार