Ballia News : फर्जी Facebook ID से BJP विधायक केतकी सिंह पर अभद्र टिप्पणी, आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने वाले पर FIR

Amrit Vichar Network
On

बलिया में रोहित सिंह माही के नाम से फर्जी आईडी चलाने का आरोप, विधायक समेत अन्य महिलाओं की तस्वीरें पोस्ट कर अभद्र टिप्पणियां करने की शिकायत; BNS और IT एक्ट में मुकदमा दर्ज

बलिया की बांसडीह सीट से भाजपा विधायक केतकी सिंह के खिलाफ फेसबुक पर कथित अभद्र टिप्पणी और आपत्तिजनक तस्वीर प्रसारित करने के मामले में आशीष कुमार गोंड के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपी पर रोहित सिंह माही के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी चलाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बांसडीह विधायक केतकी सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने और उनकी आपत्तिजनक तस्वीर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।

आरोपी पर फेसबुक पर कथित फर्जी आईडी बनाकर विधायक समेत अन्य महिलाओं और लोगों की तस्वीरें पोस्ट करने तथा उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने रविवार को बताया कि मनियर थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी संजय कुमार राजभर की शिकायत पर शनिवार रात आशीष कुमार गोंड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

रोहित सिंह माही के नाम से बनाई कथित फर्जी फेसबुक आईडी

एसपी के मुताबिक, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के जसांव गांव निवासी आशीष कुमार गोंड ने फेसबुक पर 'रोहित सिंह माही' के नाम से कथित फर्जी आईडी बना रखी है। इसी आईडी के माध्यम से वह भाजपा विधायक केतकी सिंह के अलावा अन्य महिलाओं और लोगों की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करता है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी सोशल मीडिया पर तस्वीरें प्रसारित करने के साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और गाली-गलौज भी करता है।

BNS और IT एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर कथित फर्जी आईडी के इस्तेमाल और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट किए जाने से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-Bareilly News: अब किराये के भवन से बाहर आएगा आरटीओ, परसाखेड़ा में नए दफ्तर की तैयारी

 

संबंधित समाचार