Bareilly News : बारिश थमने के बाद नमी और सीलन ने हिला दिए जर्जर मकान, साहूकारा में गिरा भवन का हिस्सा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पुराने शहर में सैकड़ों भवन खस्ताहाल, सिर्फ नोटिस देकर जिम्मेदारी निभा रहे अफसर

बरेली में बारिश के बाद सीलन से पुराने शहर के सैकड़ों जर्जर मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। साहूकारा में एक मकान का अंदरूनी हिस्सा गिर गया।

बरेली, अमृत विचार। बारिश थम गई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। लगातार हुई बारिश के बाद पुराने और जर्जर मकानों की दीवारों और छतों में नमी बढ़ गई है। ऐसे में कमजोर हिस्सों के अचानक गिरने का खतरा बना हुआ है। साहूकारा में बुधवार रात जर्जर मकान का अंदरूनी हिस्सा गिरने की घटना ने शहर में खस्ताहाल भवनों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मकान का बाहरी हिस्सा अब भी खतरे में है। नगर निगम के अधिकारियों ने सिर्फ नोटिस देकर अपनी जिम्मेदारी की इतिश्री कर ली।

पुराने शहर के साहूकारा, किला, बिहारीपुर समेत कई इलाकों में वर्षों पुराने मकान हैं। कहीं दीवारों में दरारें हैं तो कहीं छज्जे और छतें कमजोर हो चुकी हैं। बारिश के बाद इन भवनों की स्थिति और खराब होने की आशंका है। खासकर सड़क और बाजार के किनारे बने मकानों से राहगीरों और दुकानदारों को खतरा है। जर्जर मकानों के नीचे से दिन-भर लोग गुजरते हैं। कमजोर छज्जा या दीवार का हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।

पिछली बारिश में ढहे कई जर्जर मकान
सितंबर के शूरू में हुई बारिश में आजमनगर में हरी मस्जिद के पास करीब 80 साल पुराना दो मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि मकान गिरने से पहले लोग बाहर निकल आए। बानखाना में भी बारिश के दबाव में पुराना जर्जर भवन ढह गया। सीबीगंज के भल्ला कोठा में पुरानी दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। किला क्षेत्र के बाकरगंज में दीवार गिरने से टीनशेड के नीचे सो रही बुजुर्ग महिला और पांच बच्चों समेत कई लोग मलबे में दब गए थे। बिहारीपुर कहरवान में करीब 100 साल पुराने मकान का भारी छज्जा गिरने की घटना सामने आई थी।

जर्जर भवन स्वामियों को भेजे गए थे नोटिस
नगर निगम की तरफ से पुराने- जर्जर भवन स्वामियों को नोटिस भेजे गए थे। इनमें पुराना शहर, सुभाषनगर, बिहारीपुर समेत कई भवन शामिल थे। नोटिस में लिखा था कि जर्जर मकानों को भवन स्वामी खुद ही गिरवा दें। अगर कोई हादसा होता है, तो उसका जिम्मेदार भवन स्वामी होगा। उस समय कुछ लोगों ने नोटिस लेने से ही इनकार कर दिया था।

हाल में हुई घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए नगर निगम की तरफ से जर्जर भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। लगातार ऐसे भवन चिन्हित कर भवन स्वामियों को नोटिस भेजा जा रहा है। -संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : जलभराव जूझ रहे लाजपतनगर के लोगों को अब सांपों से खतरा

संबंधित समाचार