Ganga Expressway Accident : हरदोई के सांडी में पुलिया से टकराई कार, पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत, एक बच्चा गंभीर
प्रयागराज से दिल्ली जा रही कार भटौली गांव के पास पुलिया से टकराई; हादसे के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम, एंबुलेंस पर हमले और चालकों से मारपीट की सूचना
हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में भटौली गांव के पास कार पुलिया से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी और एक बच्चे समेत तीन की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर घायल है।
हरदोई, अमृत विचार। हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी और एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा 317 आरएचएस पर भटौली गांव के पास हुआ। प्रयागराज से दिल्ली जा रही कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार तीन लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिया से टकराई कार, तीन की गई जान
जानकारी के मुताबिक, कार में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। परिवार प्रयागराज से दिल्ली जा रहा था। सांडी थाना क्षेत्र के भटौली गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और पुलिया से जा टकराई। हादसे में पति-पत्नी और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर हुआ बच्चा
हादसे के बाद घायल बच्चे को बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। बताया गया कि परिवार का कोई सदस्य अभी मौके पर नहीं पहुंचा है।
हादसे के बाद जाम, एंबुलेंस पर हमले की सूचना
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान मौके पर पहुंची एंबुलेंस के चालकों के साथ मारपीट और एंबुलेंस पर हमले की भी सूचना है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने में जुटे हैं। पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें;-Kedarnath Dham : हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा केदारनाथ, शीतकाल के लिए बंद हुए मंदिर के कपाट, डोली ऊखीमठ के लिए रवाना
