Ganga Expressway Accident : हरदोई सड़क हादसे में पूरा परिवार खत्म, दंपती के बाद दोनों बेटों ने भी तोड़ा दम, इलाके में पसरा मातम

Amrit Vichar Network
On

सांडी के भटौली गांव के पास डिवाइडर से टकराकर हवा में लटक गई कार, टक्कर इतनी तेज थी कि 20 फीट दूर जा गिरा इंजन; प्रयागराज जा रहा था नोएडा का परिवार

हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में भटौली गांव के पास कार डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में नोएडा निवासी सौरभ उपाध्याय और उनकी पत्नी मेनका की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके दोनों बेटों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई।

हरदोई, अमृत विचार। हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। भटौली गांव के पास 317 आरएचएस पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके दोनों बेटों ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है।

डिवाइडर से टकराकर ऊपर लटक गई कार, 20 फीट दूर गिरा इंजन

जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी सौरभ उपाध्याय पुत्र जय गोविंद उपाध्याय अपनी पत्नी मेनका उपाध्याय और दो बेटों शिवोम व वियोम के साथ कार से प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान सांडी थाना क्षेत्र के भटौली गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर के ऊपर जाकर लटक गई। हादसे में कार का इंजन उखड़कर करीब 20 फीट दूर जा गिरा। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है।

पति-पत्नी की मौके पर मौत, दोनों बच्चों ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में सौरभ उपाध्याय और उनकी पत्नी मेनका उपाध्याय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं, उनके दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। एक बच्चे को सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे को बिलग्राम सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। हालांकि, उपचार के दौरान दोनों बच्चों की भी मौत हो गई।

जीजा से संपर्क कर हुई मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान उनके जीजा से संपर्क कर पुष्टि की। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। इस दौरान मौके पर पहुंची एंबुलेंस के चालकों के साथ मारपीट और एंबुलेंस पर हमले की सूचना भी सामने आई थी।

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पसरा मातम

एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर से इलाके में शोक का माहौल है। भीषण हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें;-Ganga Expressway Accident : हरदोई के सांडी में पुलिया से टकराई कार, पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत, एक बच्चा गंभीर

 

संबंधित समाचार