हत्या या आत्महत्या?: लखनऊ के BKT में मिला ई-रिक्शा चालक का शव, घुटनों के बल पेड़ से लटकी मिली लाश
घर से 600 मीटर दूर आम के बाग में हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
लखनऊ के बीकेटी इलाके में रविवार को 35 साल के ई-रिक्शा चालक राजन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। लाश घुटनों के बल जमीन पर टिकी हुई थी, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
लखनऊ, अमृत विचार: बीकेटी (बख्शी का तालाब) थाना क्षेत्र के वीरमपुर गांव में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ई-रिक्शा चालक की लाश पेड़ से लटकी पाई गई। मृतक की पहचान 35 साल के राजन उर्फ रजनू लोध के रूप में हुई है।
.jpg)
राजन का शव उसके घर से करीब 600 मीटर दूर गांव के ही एक आम के बाग में मिला। जब गांव वाले मौके पर पहुंचे तो देखा कि राजन का शरीर फांसी के फंदे से लटक रहा था, लेकिन उसके घुटने पूरी तरह जमीन पर टिके हुए थे। लाश की ऐसी हालत देखकर लोग हत्या और आत्महत्या को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। राजन ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पेट पालता था। उसके परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बीकेटी थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी सुराग और साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। रिपोर्ट और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: योगी के दौरे पर बरेली में बदलेगा ट्रैफिक, सुबह 7 बजे से भारी वाहनों की नो एंट्री
