Chhath Puja 2026: क्यों होती है डूबते सूर्य की उपासना? जानें अर्घ्य देने के पीछे की खास मान्यता
गंगा और सरोवरों के किनारे सजे घाट, हाथों में पूजा की टोकरी और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देते श्रद्धालुओं की तस्वीर सामने आ जाती है।
छठ महापर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की अनूठी परंपरा सदियों से चली आ रही है। हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष देवता माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, छठी मैया और सूर्यदेव की पूजा से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और संतान की खुशहाली का आशीर्वाद मिलता है। इस पर्व में तीसरे दिन डूबते सूर्य और चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। जानिए छठ पूजा में सूर्य की दोनों अवस्थाओं की उपासना का धार्मिक महत्व, इसके पीछे की मान्यताएं और प्रकृति के प्रति आभार जताने की खास परंपरा।
दिल्ली। छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का ऐसा पर्व है, जिसमें प्रकृति के प्रति आभार, आस्था, तपस्या और पारिवारिक मंगलकामना का अनूठा संगम देखने को मिलता है। छठ महापर्व का नाम आते ही गंगा और सरोवरों के किनारे सजे घाट, हाथों में पूजा की टोकरी और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देते श्रद्धालुओं की तस्वीर सामने आ जाती है। देश के प्रमुख लोकपर्वो में शामिल छठ पूजा की सबसे अनूठी परंपरा यह है कि इसमें डूबते सूर्य के साथ-साथ उगते सूर्य की भी उपासना की जाती है। आखिर सूर्यास्त के समय अर्घ्य देने की परंपरा क्यों है और इसके पीछे क्या धार्मिक महत्व छिपा है? आइए जानते हैं।
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की क्या है परंपरा?
छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देना प्रकृति और जीवन के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक माना जाता है। सूर्य से ही पृथ्वी को प्रकाश, गर्मी और ऊर्जा मिलती है। पेड़-पौधों से लेकर मनुष्य और अन्य जीव-जंतुओं का जीवन सूर्य पर निर्भर है। ऐसे में सूर्य की अस्त होती अवस्था में भी उनकी उपासना करना सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता की भावना को दर्शाता है।
उगते और डूबते दोनों सूर्य की होती है पूजा
छठ महापर्व की सबसे खास बात यह है कि इसमें सूर्य की दोनों अवस्थाओं को समान श्रद्धा से पूजा जाता है। 4 दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की विशेष आराधना की जाती है। हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष देवता कहा गया है। पर्व के तीसरे दिन शाम को व्रती नदी, तालाब और जलाशयों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इसके अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है। यह परंपरा सूर्य के अस्त और उदय दोनों के महत्व को स्वीकार करने का संदेश देती है।
छठी मैया की पूजा से जुड़ी है सुख-समृद्धि की मान्यता
छठ पर्व को सूर्य षष्ठी, प्रतिहार षष्ठी और डाला छठ के नाम से भी जाना जाता है। यह कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। इस दौरान व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि छठी मैया की पूजा करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है। साथ ही संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है।
प्रकृति के प्रति आभार जताने का भी पर्व है छठ
छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी अवसर है। प्राचीन समय में लोगों का जीवन खेती और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर था। सूर्य की रोशनी फसलों के विकास, मौसम के बदलाव और जलचक्र को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यही वजह है कि इस पर्व में सूर्यदेव की आराधना के माध्यम से प्रकृति के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया जाता है।
बिहार से पूर्वाचल तक दिखती है छठ की अनूठी छटा
छठ महापर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के कुछ हिस्सों में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दौरान घाटों पर लोकगीतों की गूंज, पारंपरिक प्रसाद और सामूहिक पूजा का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व आस्था, अनुशासन, स्वच्छता और पारिवारिक एकजुटता का भी संदेश देता है।
