कुंडा में सजेगा बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार: 200 बीघा क्षेत्रफल में बसाई जा रही भव्य धर्मनगरी, 17 नवंबर से गूंजेगी श्रीराम कथा

Amrit Vichar Network
On

कुंडा में सजेगा बागेश्वर धाम सरकार का दिव्य दरबार: 17 नवंबर से शुरू होगी श्रीराम कथा, राजा भैया के नेतृत्व में 200 बीघा में तैयार हो रही भव्य धर्मनगरी

प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा होगी। 200 बीघा में वाटरप्रूफ पंडाल और विशाल व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

कुंडा (प्रतापगढ़), अमृत विचार: प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती के परेड ग्राउंड में आगामी 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा और दिव्य दरबार का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस चार दिवसीय धार्मिक महाआयोजन को लेकर इलाके में जबरदस्त उत्साह है और युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं। करीब 200 बीघा के विशाल क्षेत्रफल में एक भव्य धर्मनगरी बसाई जा रही है, जहाँ देश और प्रदेश की कई दिग्गज हस्तियों का जमावड़ा लगेगा।

shrawasti - 2026-11-14T111745.839
बजरंग डिगी कॉलेज में स्वयंसेवकों को संबोधित करते जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह
 
वाटरप्रूफ पंडाल और विशाल रसोई की व्यवस्था

कथा स्थल पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परेड ग्राउंड में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए एक विशाल मुख्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, जो मौसम की किसी भी अनिश्चितता से निपटने के लिए पूर्णतः वाटरप्रूफ बनाया गया है। इसके अलावा दो अन्य बड़े टेंट भी लगाए जा रहे हैं, ताकि एक समय में लगभग एक लाख श्रद्धालु आराम से बैठकर कथा का श्रवण कर सकें।

आयोजन में आने वाले भक्तों के लिए प्रतिदिन लगभग 50 हजार लोगों के भोजन और प्रसाद की विशाल व्यवस्था की गई है। प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को शुद्ध शाकाहारी पूड़ी-सब्जी वितरित की जाएगी। इस विशाल रसोई और अन्य निर्माण कार्यों को समय पर अंतिम रूप देने के लिए लगभग 100 अनुभवी हलवाई और 500 मजदूर दिन-रात मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।

3000 स्वयंसेवक संभालेंगे कमान, 12 स्थानों पर पार्किंग

भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए कथा स्थल के आसपास 12 अलग-अलग स्थानों पर मुख्य पार्किंग बनाई गई है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक कुंडा राजा भैया ने बजरंग महाविद्यालय में स्वयंसेवकों के साथ मैराथन बैठक कर व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की। कथा को सुव्यवस्थित चलाने के लिए 3,000 स्वयंसेवकों को हनुमान दल, अंगद दल और जामवंत दल के रूप में तैनात किया गया है।

इस अवसर पर एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह 'गोपाल जी', बाबागंज विधायक विनोद सरोज, जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. के. एन. ओझा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल, संतोष सिंह, मुख्य व्यवस्थापक हरिओम श्रीवास्तव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह, बबलू सिंह, अनुभव यादव और विनोद यादव सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देशभर की दिग्गज हस्तियों का होगा आगमन

इस आध्यात्मिक महाकुंभ में देश और प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। प्राप्त विवरण के अनुसार, योग गुरु बाबा रामदेव, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधायक टी. राजा सिंह और प्रख्यात अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन सहित कई विशिष्ट अतिथि इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन/संदीप साहू

यह भी पढ़ें:-

Pratapgarh News: श्रीराम कथा सुनेंगे 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी, राजा भैया ने किया आमंत्रित

संबंधित समाचार