चुनावी चुनौतियों से पहले भाजपा का डिजिटल प्लान, पदाधिकारियों से मांगी जा रही सोशल मीडिया आईडी
राज्य से मंडल स्तर तक जुटाए जा रहे X, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब प्रोफाइल के लिंक; केंद्रीय डेटाबेस तैयार करने की कवायद
भाजपा डिजिटल अभियान, BJP social media campaign, भाजपा सोशल मीडिया आईडी, भाजपा केंद्रीय डेटाबेस, प्रतापगढ़ भाजपा, BJP digital strategy, भाजपा पदाधिकारी, सोशल मीडिया नेटवर्क, भाजपा डिजिटल विंग, विधानसभा चुनाव
(रवि प्रकाश सिंह चंदन) प्रतापगढ़, अमृत विचार : भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावी चुनौतियों और डिजिटल मोर्चे पर अपनी पकड़ को अभेद्य बनाने के लिए संगठन के भीतर एक बड़ा प्रशासनिक और रणनीतिक कदम उठाया है। पार्टी नेतृत्व ने राज्य, जिला और मंडल स्तर तक के सभी पदाधिकारियों से उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल (X/ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब आदि) के लिंक्स और हैंडल एकत्र करना शुरू कर दिया है।
पार्टी के शीर्ष संगठन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह डेटा एकत्र करने के पीछे कई प्रमुख उद्देश्य शामिल हैं। इसमें पार्टी संगठन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि पद संभालने वाले नेता केवल कागजों या बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी पार्टी की विचारधारा, नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाएं। सभी पदाधिकारियों की आईडी एकत्र कर एक केंद्रीय डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। इसके माध्यम से किसी भी बड़े अभियान, राष्ट्रीय संदेश या तात्कालिक मुद्दों पर एक साथ सभी नेताओं के जरिए अपनी बात को तेजी से ट्रेंड और प्रसारित कराया जा सकेगा।
बीते दिनों सोशल मीडिया पर नेताओं के अनर्गल पोस्ट या आपसी खींचतान की वजह से बनने वाली असहज स्थितियों पर अंकुश लगाने के लिए भी यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। अब केंद्रीय और राज्य स्तरीय सोशल मीडिया टीम पदाधिकारियों की गतिविधियों पर सीधे नजर रख सकेगी। लोकसभा चुनाव के बाद राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा अपनी डिजिटल विंग को जमीन स्तर पर और ज्यादा धारदार बनाना चाहती है। बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जोड़कर एक विशाल डिजिटल नेटवर्क खड़ा किया जा रहा है।
भाजपा प्रवक्ता राघवेंद्र शुक्ला बताते हैं कि जो पदाधिकारी सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं हैं या केवल औपचारिकता निभा रहे हैं, उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी। संगठन में जवाबदेही और सक्रियता तय करने के लिए यह डेटा एकत्र किया जा रहा है।
