UP Census 2027: घर में रहें तैयार! 1 दिसंबर से दरवाजे पर पहुंचेंगे जनगणना अधिकारी, 40 सवालों से जुटाएंगे परिवार का पूरा ब्योरा

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

प्रतापगढ़ में डीएम अभिषेक पांडेय ने साझा की जनगणना और मतदाता सूची पुनरीक्षण की समय-सारिणी, 16 नवंबर से स्वगणना और 17 नवंबर से वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू

Census 2027: प्रतापगढ़ में 1 दिसंबर से घर-घर जनगणना शुरू होगी। 40 सवालों से जुटेगा परिवार का ब्योरा। 16 नवंबर से स्वगणना और 17 नवंबर से वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा।

प्रतापगढ़, अमृत विचार : जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) और निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को कैंप कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने इन दोनों महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियानों की रूपरेखा और समय-सारिणी साझा की। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को जागरूक करने की अपील की, ताकि हर पात्र नागरिक इन अभियानों से जुड़ सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को घर बैठे स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प मिलेगा। लोग पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर एक 'स्वगणना आईडी' (SEID) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है। 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जब प्रगणक घर-घर जाएंगे, तो उन्हें यह आईडी दिखाने पर सत्यापन का काम बेहद आसानी से पूरा हो जाएगा। घर-घर सर्वेक्षण के दौरान प्रगणक निर्धारित 40 प्रश्नों के आधार पर परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी दर्ज करेंगे।

Census 2027
प्रेसवार्ता में बोलते जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय
 
युवाओं पर विशेष फोकस, 17 नवंबर से जुड़ेंगे वोटर लिस्ट में नाम

डीएम ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और हर पात्र व्यक्ति का नाम जोड़ना है। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन अवश्य करें। पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही लोकतंत्र को मजबूत बनाएगी।

सही जानकारी दें नागरिक, हेल्पलाइन नंबर भी जारी

जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने कहा कि जनगणना के आंकड़ों से ही भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का खाका तैयार होता है, इसलिए प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी दें। जनगणना से जुड़ी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 05342-297129 और टोल-फ्री नंबर 1855 जारी किया है।

इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन

यह भी पढ़ेंः UP Elections 2027: यूपी में 181 सीटों पर कांग्रेस का दावा, शिवपाल ने दिखाया आईना! बोले- 65 से ज्यादा नहीं... मान जाए पार्टी

संबंधित समाचार