Census 2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना,मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे खुद दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी
प्रतापगढ़ में डिजिटल जनगणना की तैयारियां तेज, मोबाइल ऐप पर OTP सत्यापन के बाद दर्ज करनी होगी जानकारी, प्रगणक को देनी होगी स्व-गणना आईडी
जनगणना 2027 के तहत 16 नवंबर से स्व-गणना शुरू होगी। प्रतापगढ़ के नागरिक मोबाइल ऐप से OTP सत्यापन कर घर बैठे परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जानें पूरी प्रक्रिया।
प्रतापगढ़, अमृत विचार: जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां जोरों पर हैं। 16 नवंबर से जिले के नागरिक मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे ही अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इस डिजिटल प्रक्रिया को 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) नाम दिया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनगणना के काम को सुगम और पारदर्शी बनाना है।
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ परिसर में लालगंज और कुंडा तहसीलों के प्रगणकों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने प्रगणकों को स्व-गणना प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया और तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
.png)
पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल और पेपरलेस
सीडीओ ने बताया कि जनगणना-2027 का यह पूरा अभियान पहली बार पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस तरीके से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रगणकों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने और अधिक से अधिक नागरिकों को इस डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्हें अपने निर्धारित क्षेत्रों में रहकर आम जनता को इस प्रक्रिया की जानकारी देने और इसमें सहायता करने के निर्देश दिए।
कैसे करें स्व-गणना ? जानें पूरी प्रक्रिया
स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझा जा सकता है -
1. मोबाइल ऐप का उपयोग : नागरिक आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए अपनी जनगणना की जानकारी खुद भर सकते हैं।
2. लॉगिन और ओटीपी सत्यापन : ऐप में सबसे पहले अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त OTP (वन-टाइम पासवर्ड) को दर्ज कर सत्यापन करना होगा।

3. प्रश्नों के उत्तर दें : सत्यापन के बाद ऐप में परिवार से जुड़े पूछे गए सभी आवश्यक सवालों के सही जवाब भरने होंगे।
4. स्व-गणना आईडी संभाल कर रखें : सभी जानकारियां सफलतापूर्क दर्ज होने के बाद एक स्व-गणना आईडी (Self-Enumeration ID) प्राप्त होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
5. प्रगणक को दें आईडी : जब आपके क्षेत्र के प्रगणक (Enumerator) आपके घर आएंगे, तो आपको यह स्व-गणना आईडी उन्हें उपलब्ध करानी होगी, जिसके आधार पर वे आगे की जनगणना प्रक्रिया को पूरा करेंगे।
इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन
यह भी पढ़ेंः कुंडा में सज रहा आस्था का महाकुंभ: 7 जोन और 9 सेक्टरों में बंटा बेंती का मैदान, भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू
