Pratapgarh News: रंगों में बच्चों ने सजाया ‘मेरे सपनों का भारत’, विधायक ने बढ़ाया हौसला
सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता और प्रदर्शनी, कैनवास पर दिखी स्वच्छ भारत से लेकर आधुनिक शिक्षा तक की झलक
प्रतापगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता और प्रदर्शनी आयोजित हुई। बच्चों ने स्वच्छ भारत, विकसित भारत, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और विज्ञान की कल्पनाओं को रंगों के जरिए कैनवास पर उकेरा।
प्रतापगढ़, अमृत विचारः शहर के आंबेडकर चौराहा स्थित कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने बच्चों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों और तूलिका के जरिए कैनवास पर उतारा। उनकी चित्रकृतियों में स्वच्छ भारत, विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक शिक्षा और विज्ञान जैसे विषयों की सजीव अभिव्यक्ति देखने को मिली। बच्चों की कलाकृतियों में राष्ट्र निर्माण को लेकर उनकी कल्पनाओं की झलक नजर आई।
.png)
‘बच्चों के सपनों में छिपी है विकसित भारत की तस्वीर’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि बच्चों के सपनों और कल्पनाओं में विकसित भारत की नई तस्वीर दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच और प्रोत्साहन देना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
विधायक ने कहा कि आज के ये नन्हे कलाकार भविष्य में देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनके सपनों में दिखाई देने वाला भारत एक सशक्त, स्वच्छ और आत्मनिर्भर राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही बच्चों की रचनात्मक क्षमता को निखारने के लिए विद्यालय परिवार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में सीडीओ राम मोहन मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, डीआईओएस ओंकार राणा, बीएसए देवब्रत सिंह और विधायक प्रतिनिधि अरुण मौर्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने बच्चों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण के इस सृजनात्मक सफर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ेंः Pratapgarh News: भाग्यलक्ष्मी क्लेक्शन में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
