Sitapur: सदरपुर में बांध की पुलिया के पास गहरे पानी में डूबा 10 वर्षीय बालक, एसडीआरएफ की तलाश जारी
धुरिया गांव की घटना; पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा मयंक मौर्य, तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम
सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोड़ैचा के धुरिया में बांध की पुलिया के पास शौच के लिए गया 10 वर्षीय बालक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी है।
सीतापुर, अमृत विचार : सदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोड़ैचा के धुरिया में बांध की पुलिया के पास शौच के लिए गया 10 वर्षीय बालक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश शुरू कराई।
पैर फिसलने के वजह से पानी में गिर गया
सदरपुर थाना क्षेत्र के धुरिया गांव निवासी राजेंद्र मौर्य का 10 वर्षीय पुत्र मयंक मौर्य घर से बाहर शौच के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि बांध की पुलिया के समीप पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब बालक को डूबते देखा तो बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, बालक गहरे पानी में ओझल हो चुका था। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का भारी हुजूम जुट गया। मासूम के डूबने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी पाकर क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार सदरपुर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों व जाल की सहायता से पानी में सघन खोजबीन अभियान शुरू करवा दिया है।
3 घंटे बाद पहुंची एसडीआरएफ टीम पहुंची
घटना के फ़ौरन बाद गोताखोरों ने काफी देर तक बालक की तलाश की। करीब तीन घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम पहुंची। टीम मोटरबोट से किशोर की तलाश कर रही है।
