अमरोहा: एआरटीओ कार्यालय का लिपिक और निजी कर्मचारी 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। किसान नेता की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने एआरटीओ कार्यालय के लिपिक अमय कुमार उर्फ अमिया और प्राइवेट कर्मचारी शाने अली उर्फ शाने को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम दोनों को अमरोहा देहात थाने ले गई और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

डिडौली थाना क्षेत्र के गांव नारंगपुर में ट्रैक्टर की एजेंसी के संचालक चौधरी राजेंद्र सिंह भारतीय किसान यूनियन चौहान गुट के जिला कोषाध्यक्ष भी हैं। एआरटीओ कार्यालय से हर साल एजेंसी का रिन्यूअल होता है। इस साल एजेंसी के रिन्यूअल के लिए राजेंद्र सिंह एआरटीओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। 

आरोप है कि  लिपिक अमय कुमार उर्फ अमिया और कार्यालय में तैनात प्राइवेट कर्मचारी शाने अली उर्फ शाने ने उनसे 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में 20,000 रुपये में सौदा तय हो गया। शिकायत पर मंगलवार  दोपहर करीब एक बजे एंटी करप्शन टीम के प्रभारी शैलेंद्र सिंह अपने सहयोगियों के साथ अमरोहा पहुंचे और एआरटीओ कार्यालय की घेराबंदी कर ली। 

इस दौरान चौधरी राजेंद्र सिंह ने प्राइवेट कर्मी शाने अली की मदद से अमय कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत दी तभी एंटी करप्शन की टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार लिपिक अमय कुमार मूलरूप से गाजियाबाद का रहने वाला है। उसे आगरा के बाद जुलाई में यहां तैनाती मिली थी। एसएसआई संदीप चौधरी ने बताया कि एंटी करप्शन टीम की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

ये भी पढे़ं- अमरोहा : महिला की निर्मम हत्या कर शव जंगल में फेंका, नहीं हो सकी पहचान

 

संबंधित समाचार