Bareilly News: डॉक्टर का व्यवहार भी आधा इलाज, मरीज को भरोसा देना जरूरी : सुरेश खन्ना

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट का वित्त मंत्री ने किया उद्घाटन, बोले- शाहजहांपुर समेत कई जिलों के मरीजों को मिलेगी राहत

शाहजहांपुर के बंथरा स्थित वरुण अर्जुन विश्वविद्यालय परिसर में रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट शुरू हो गया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने उद्घाटन करते हुए डॉक्टरों से मरीजों और तीमारदारों के प्रति विनम्र व्यवहार रखने की अपील की। संस्थान में आधुनिक रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और कैंसर सर्जरी समेत कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। डॉक्टर के इलाज में जितनी ताकत होती है, उससे कहीं अधिक उसके व्यवहार में होती है। मरीज और उसके तीमारदार पहले से ही परेशानी में होते हैं, ऐसे में डॉक्टर का विनम्र व्यवहार उन्हें भरोसा और हिम्मत देता है। यह बात वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रविवार को शाहजहांपुर के बंथरा स्थित वरुण अर्जुन विश्वविद्यालय परिसर में रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट के उद्घाटन समारोह में कही।

ऑडिटोरियम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉक्टर को मरीज और उसके तीमारदार से सामान्य व्यवहार की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। बीमारी और परेशानी के कारण वे मानसिक रूप से व्यथित होते हैं। ऐसे समय में डॉक्टर को अपना अहंकार छोड़कर मरीज को भरोसा देना चाहिए। मरीज और तीमारदार के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें यह विश्वास दिलाना चाहिए कि उनका इलाज पूरी जिम्मेदारी से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग डॉक्टर में भगवान का रूप देखते हैं।

सुरेश खन्ना ने कहा कि अधिक रुपये कमा लेने से संतुष्टि नहीं मिलती। असली संतुष्टि कर्म और त्याग से मिलती है। यदि डॉक्टर किसी मरीज का कम खर्च में बेहतर इलाज करता है और मरीज व उसके परिजन आकर धन्यवाद देते हैं तो वही सबसे बड़ा संतोष होता है।

कई जिलों के मरीजों को मिलेगी राहत

वित्त मंत्री ने कहा कि रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट की शुरुआत शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। अब कैंसर के आधुनिक उपचार के लिए मरीजों को बड़े शहरों का रुख करने की मजबूरी काफी हद तक कम हो सकेगी। उन्होंने संस्थान की स्थापना के लिए चांसलर डॉ. केशव अग्रवाल और प्रो-चांसलर डॉ. अशोक अग्रवाल को बधाई दी। उद्घाटन के बाद वित्त मंत्री ने संस्थान में स्थापित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शिलापट का लोकार्पण भी किया।

विश्वस्तरीय मशीन से होगा रेडिएशन उपचार

संस्थान की प्रमुख सुविधाओं में वेरियन हैल्सियन लीनियर एक्सीलरेटर मशीन शामिल है। इसके माध्यम से आईएमआरटी, आईजीआरटी, 3डी-सीआरटी, वीएमएटी और एसबीआरटी जैसी आधुनिक रेडिएशन तकनीकों से उपचार किया जा सकेगा। रेडियोथेरेपी के जरिए नियंत्रित उच्च ऊर्जा वाली विकिरण किरणों से कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाया जाता है। आधुनिक तकनीक का उद्देश्य ट्यूमर को निर्धारित मात्रा में रेडिएशन देना और आसपास के स्वस्थ अंगों पर इसके प्रभाव को कम करना है।

संस्थान में रेडियोथेरेपी के अलावा कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी, कैंसर सर्जरी, बायोप्सी और एफएनएसी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की विभिन्न सेवाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राखी वर्मा अपनी सेवाएं देंगी।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीके मिश्रा, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, अजय प्रताप सिंह यादव, तिलहर ब्लॉक प्रमुख कविता यादव, अशोक अग्रवाल, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शाहजहांपुर के अध्यक्ष डॉ. नीरज अग्रवाल मौजूद रहे। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. किरन अग्रवाल, प्रति-कुलपति डॉ. लता अग्रवाल, संस्थान के निदेशक डॉ. वरुण अग्रवाल और डॉ. अर्जुन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

इसके अलावा डॉ. प्रज्ञा मिश्रा, डीन एवं प्रिंसिपल कर्नल डॉ. आरएन शुक्ला, वाइस प्रिंसिपल डॉ. संथाना कृष्णन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. पंडित शमराव पवार, डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. शिवानी, डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. अनिल कुमार पाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. हनुमंत बोबडे, डॉ. प्रदीप सिंह समेत विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक ही छत के नीचे कैंसर उपचार की सुविधाएं

रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट में वेरियन हैल्सियन लीनियर एक्सीलरेटर मशीन से आधुनिक रेडिएशन उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही आईएमआरटी, आईजीआरटी, 3डी-सीआरटी, वीएमएटी और एसबीआरटी जैसी उन्नत तकनीकों से मरीजों का इलाज किया जा सकेगा। संस्थान में कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और टारगेटेड थेरेपी के साथ कैंसर सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध होगी। जांच के लिए बायोप्सी और एफएनएसी की व्यवस्था की गई है। वहीं, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राखी वर्मा मरीजों को परामर्श और उपचार सेवाएं देंगी।

छह जिलों के मरीजों को मिल सकती है राहत

रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट शुरू होने से शाहजहांपुर के साथ बरेली, बदायूं, पीलीभीत, हरदोई और लखीमपुर खीरी के मरीजों को भी अपने क्षेत्र में आधुनिक कैंसर उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे इलाज के लिए बड़े शहरों की यात्रा करने में लगने वाले समय और परेशानी से राहत मिल सकती है। कैंसर के उपचार में समय पर जांच और विशेषज्ञों की सलाह के साथ नियमित इलाज जरूरी होता है। ऐसे में आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता मरीजों के लिए काफी सहायक साबित हो सकती है।

ये भी पढ़े-कभी घर चलाना था मुश्किल, अब मीना की मिठाई से महक रहे दूसरे जिले

संबंधित समाचार