Bareilly News: अब घर बैठे खुद गिन सकेंगे परिवार के सदस्य, 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

बरेली में 15 दिन चलेगा अभियान, एक दिसंबर से जनगणना कर्मी पहुंचेंगे घर-घर; डीएम ने प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षण पूरा कराने के दिए निर्देश

बरेली में जनगणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। 16 से 30 नवंबर तक लोग अपने परिवार की स्वगणना कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अभियान के प्रचार-प्रसार और कर्मचारियों के प्रशिक्षण के निर्देश दिए हैं।

बरेली, अमृत विचार । अब जनगणना कर्मियों के घर पहुंचने का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। बरेली के लोग 16 नवंबर से अपने परिवार के सदस्यों की गणना खुद कर सकेंगे। इसके लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान परिवारों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का मौका मिलेगा। जो लोग इस अवधि में स्वगणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर दिसंबर से जनगणना कर्मी पहुंचेंगे।
 

जनगणना कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना होगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संबंधित जानकारियां जुटाएंगे। पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। अभियान को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को गांव से लेकर शहर तक व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं।

कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने तहसीलों, नगर निकायों, नगर निगम और कैंटोनमेंट बोर्ड में नियुक्त प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि स्वगणना के बारे में लोगों को पहले से जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक परिवार निर्धारित समय में अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकें।

कूड़ा गाड़ियों से गूंजेंगे जनगणना के जागरूकता संदेश

डीएम ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के साथ उन्हें फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए। इससे घर-घर पहुंचने वाले कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित हो सकेगी। जो परिवार 16 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना नहीं कर सकेंगे, उनके घर पहुंचकर प्रगणक निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी एकत्र करेंगे।

स्वगणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नगर निकायों में कूड़ा उठाने वाले वाहनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इन वाहनों के माध्यम से जनगणना से जुड़े संदेश और जागरूकता जिंगल प्रसारित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा सार्वजनिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के जरिए भी अभियान का प्रचार किया जाएगा।

3807 बीएलओ भी करेंगे घर-घर संपर्क

मतदाता सूची के विशेष सत्यापन अभियान के तहत जिले में 3807 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिक फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। वहीं, निवास स्थान बदलने वाले मतदाता फार्म-8 के जरिए संशोधन करा सकेंगे।

ये भी पढ़ें-  रुविवि की लैब हुई हाईटेक, पांच करोड़ के उपकरणों से शोध को मिलेगी नई उड़ान 

संबंधित समाचार