Bareilly News: बरेली के सलमान मियां को राष्ट्रीय सुन्नी उलमा बोर्ड की कमान देने का प्रस्ताव
बरेली में देशभर के उलमा की बैठक में बनी सहमति, कौम की बेहतरी और इल्मी व आर्थिक संसाधनों के बीच खाई दूर करने पर जोर
बरेली में राष्ट्रीय सुन्नी उलमा बोर्ड की बैठक में सलमान हसन खान (सलमान मियां) को बोर्ड की कमान सौंपने का प्रस्ताव रखा गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए उलमा ने उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बताया।
बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के संस्थापक मौलाना इंतिजार अहमद कादरी ने की। इसमें कर्नाटक, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड और कोलकाता समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए उलमा शामिल हुए। बैठक में कौम की बेहतरी के लिए शैक्षिक और आर्थिक संसाधनों के बीच की खाई दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।
वक्ताओं ने आला हजरत इमाम अहमद रजा खान फाजिले बरेलवी के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि दीन की खिदमत, तालीम, तसनीफ और तब्लीग की सलाहियत रखने वाले कई लोगों के पास आर्थिक संसाधन नहीं हैं। वहीं, संसाधन संपन्न लोगों में जरूरी इल्मी सलाहियत की कमी है। इसके चलते योग्य उलमा, लेखकों और शोधकर्ताओं को अपेक्षित संरक्षण नहीं मिल पाता। बैठक में इस स्थिति को बदलने के लिए ठोस पहल करने पर सहमति बनी।
तालीम और आर्थिक सहयोग के बीच दूरी पाटने पर जोर
बैठक में शामिल उलमा ने कहा कि योग्य लोगों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसा प्रयास होना चाहिए, जिससे उन्हें आर्थिक और संस्थागत सहयोग मिल सके। इससे शिक्षा, लेखन और शोध के क्षेत्र में बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा। सलमान मियां को प्रस्तावित जिम्मेदारी के साथ इन प्रयासों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई गई।
बैठक में मुफ्ती शरीफुर्रहमान, मुफ्ती सुहैल, मुफ्ती शाकिर उल कादरी, मुफ्ती शमीम अशरफ, मुफ्ती मोहम्मद इमरान हनफी, मौलाना इलियास फैजी, मौलाना असद इकबाल, मुफ्ती नईम अहमद अत्तारी, मुफ्ती खुशहाल जीलानी, मौलाना तौसीफ अहमद, मौलाना नसीरुद्दीन मिस्बाही, मौलाना शकील अहमद मिस्बाही, मौलाना अताउर्रहमान रजवी, मौलाना शकील बरकाती, कारी जफर बज्मी और मौलाना महफूज नोमानी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
