Shravasti News : भिनगा में गर्भस्थ शिशु की मौत, आशा बहू समेत चार गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
On

समय से प्रसव न कराने और धन के लालच में लापरवाही बरतने का आरोप, भिनगा से तीन और गोंडा से एक आरोपी पकड़ा गया

श्रावस्ती के भिनगा में गर्भवती महिला का समय से प्रसव न कराने और गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित इरफान खान की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में धोखाधड़ी की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। तीन आरोपियों को भिनगा और एक को गोंडा से गिरफ्तार किया गया।

श्रावस्ती, अमृत विचार। भिनगा में गर्भवती महिला का समय से प्रसव न कराने और गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाओं के पति की पहचान के साथ एक अन्य महिला और देवनारायण सिंह उर्फ दिग्विजय सिंह शामिल हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को भिनगा जिला अस्पताल के पास से, जबकि चौथे को गोंडा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है। मामले में धोखाधड़ी की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

ऑपरेशन से प्रसव कराने का दिया था भरोसा

पुलिस के मुताबिक, बंठिहवा निवासी इरफान खान ने 10 नवंबर को कोतवाली भिनगा में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसकी गर्भवती पत्नी का लखनऊ अस्पताल भिनगा में ऑपरेशन से प्रसव कराने का भरोसा दिया गया था, लेकिन धन के लालच में समय से प्रसव नहीं कराया गया। इससे गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।

पीड़ित ने आरोपियों पर धमकी देने का आरोप भी लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

भिनगा जिला अस्पताल के पास से तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने भिनगा जिला अस्पताल के सामने पार्क के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिटकहना के मजरा मोहरणीय निवासी जिलेदार की पत्नी, दुर्गापुर के मजरा संतालिया निवासी अंकित कुमार वर्मा की पत्नी और जौनपुर जिले के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के निवासी रवि शंकर दुबे पुत्र दीप नारायण दुबे शामिल हैं। रवि शंकर दुबे का वर्तमान पता 538 ख/154, नयापुरवा फैजुल्लागंज, लखनऊ बताया गया है।

गोंडा से चौथा आरोपी गिरफ्तार

मामले के चौथे आरोपी देवनारायण सिंह उर्फ दिग्विजय सिंह पुत्र जय प्रकाश सिंह को पुलिस ने गोंडा के सिविल लाइन स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। एसपी राहुल भाटी के निर्देश पर हुई कार्रवाई के दौरान मुकदमे में धोखाधड़ी से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें:-Shravasti News : धार्मिक जलसे से लौट रहे बाइक सवार की दर्दनाक मौत, दो छोटे भाई और तीन बहनों के सिर से उठा सहारा

 

संबंधित समाचार