Hardoi News : घर से निकलीं तीन महिलाएं, फिर नहीं लौटीं! हरदोई में बुआ-भतीजी, दुल्हन और किशोरी लापता
सवायजपुर में बुआ-भतीजी पर तिजोरी से नकदी ले जाने का आरोप, मझिला में शादी के बाद मायके में रह रही दुल्हन लापता, शाहाबाद में शौच के लिए निकली 16 वर्षीय किशोरी का मोबाइल हुआ स्विच ऑफ
हरदोई के सवायजपुर, मझिला और शाहाबाद थाना क्षेत्रों में लापता होने के तीन मामले सामने आए हैं। सवायजपुर में बुआ-भतीजी के साथ 1.90 लाख रुपये गायब होने का आरोप है। मझिला में शादी के बाद मायके में रह रही दुल्हन लापता है, जबकि शाहाबाद में 16 वर्षीय किशोरी का मोबाइल स्विच ऑफ होने के बाद उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज किए हैं।
हरदोई, अमृत विचार। हरदोई जिले में महिलाओं और किशोरियों के लापता होने के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। कहीं बुआ-भतीजी के घर से अचानक गायब होने के साथ तिजोरी में रखे 1.90 लाख रुपये भी गायब मिले, तो कहीं शादी के बाद मायके में रह रही दुल्हन का कोई सुराग नहीं लगा। वहीं, शौच के लिए घर से निकली 16 वर्षीय किशोरी भी लापता हो गई। तीनों मामलों में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
बहाने से घर से निकलीं बुआ-भतीजी, तिजोरी से 1.90 लाख रुपये भी गायब
सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर बुआ और भतीजी किसी बहाने से घर से बाहर निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की। इसी दौरान घर की तिजोरी खोली गई तो उसमें अलग-अलग रखे 1.90 लाख रुपये भी गायब मिले। परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि दोनों युवतियां घर से नकदी भी अपने साथ ले गई हैं। साथ ही राजन और अरुण नाम के दो युवकों पर उन्हें बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के दूसरे दिन से मायके में रह रही दुल्हन लापता, पांच युवकों पर आरोप
मझिला थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के बाद मायके में रह रही दुल्हन के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की शादी इसी साल मई में गांव के एक युवक से हुई थी। पहली बार ससुराल से विदा होकर मायके पहुंचने के बाद वह दूसरे ही दिन से वहीं रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, 13 नवंबर की देर रात दुल्हन शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने साहिल, रियाजुल उर्फ सिराजुल, अफरोज, जैद और अय्यूब नाम के पांच युवकों पर रास्ते से जबरन खींचकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दुल्हन की तलाश शुरू कर दी है।
'हां, आ रही हूं' कहकर काटा फोन, फिर स्विच ऑफ हुआ किशोरी का मोबाइल
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने से परिजन परेशान हैं। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे किशोरी मोबाइल लेकर शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया। कॉल रिसीव होने पर किशोरी ने कहा, 'हां, थोड़ी देर में आ रही हूं।' इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने दोबारा फोन मिलाया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद घरवालों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। किशोरी के साथ किसी अनहोनी की आशंका से परेशान परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। शाहाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
तीनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
हरदोई जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए इन मामलों ने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। सवायजपुर में बुआ-भतीजी के साथ नकदी गायब होने, मझिला में दुल्हन के लापता होने और शाहाबाद में किशोरी के गायब होने की शिकायतें दर्ज की गई हैं। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच की जा रही है और लापता महिलाओं व किशोरी की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-Moradabad News: अमरोहा की नकली दवा ने खोली मुरादाबाद से कई जिलों तक फैले नेटवर्क की परतें
