फल, सब्जी व गेहूं उत्पादन में नंबर वन बन रहा प्रदेश : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही

जिले को मिली 14.42 करोड़ से बने मैंगो व वेजिटेबल पैक हाउस की सौगात

फल, सब्जी व गेहूं उत्पादन में नंबर वन बन रहा प्रदेश : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही

किसानों-कारोबारियों को संबोधित करते कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही

अमरोहा, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत नवीन मंडी समिति में 14.42 करोड़ की लागत से बने मैंगो एवं वेजिटेबल इंटीग्रेटेड पैक हाउस का लोकार्पण किया। इस दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि अमरोहा व आसपास जिलों के किसानों और कारोबारियों के लिए मैंगो पैक हाउस वरदान साबित होगा। इस हाउस में किसान और कारोबारी अब कई दिनों तक फल और सब्जियों को सुरक्षित रख सकेंगे और अच्छे दामों पर अपने उत्पाद को बेच सकेंगे। प्रदेश फल, सब्जी, गेहूं और खाद्यान में प्रथम स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान हित में नए फैसले ले रही है, जिसकी यह एक मिसाल है। कृषि मंत्री ने अमरोहा से दुबई जा रहे 27 टन आम को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से जनपद के किसानों को बड़ी सौगात दी गई है।

किसान जनपद के हर उत्पाद को विश्व में निर्यात कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए जो सरकार ने वादा किया था, वह अब पूरा हो रहा है। किसान फसलों, फलों की खेती की ओर बढ़े, पशुपालन में भी रुचि लें।  जनसंख्या बढ़ेगी तो फल और सब्जियों की मांग भी अधिक होगी। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन हो रहा है, अनेक तरह के पर्यावरण में परिवर्तन हो रहे हैं। आप लोग अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाए। इससे जलवायु परिवर्तन में सुधार हो सकेगा। 

 सरकार किसानों के लिए मददगार है। किसान क्रेडिट कार्ड ऋण मोचन योजना, किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को लाभ दिया है। इस मौके पर जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी, एडीएम भगवान शरण, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़कवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषि पाल नागर समेत अन्य भाजपा नेता शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने किया।

सही कराए अभिलेख, जरूर मिलेगी सम्मान निधी
अमरोहा। मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि ऐसे किसान जो सम्मान निधि से वंचित हैं। वे अपने अभिलेख सही करा लें। उन्हें अवश्य ही किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलेगा। किसानों को सीधा पैसे उनके खाते में भेजा जा रहा है। किसी भी बिचौलिए की जरूरत नहीं है। किसानों के एमएसपी बढ़ने से भी उनके उत्पाद का अच्छा मूल्य मिल रहा है। वह अपने आय बढ़ाने की ओर अग्रसर हो रहे हैं। कृषि की नई-नई तकनीकी भारत व प्रदेश में प्रयोग की जा रही है। हाईटेक नर्सरी लगाई जा रही है। कृषि विज्ञान खोले जा रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्रों में अच्छी उपज के बीजों को उगाया जा रहा है। कृषक उत्पादन संगठन क्लस्टर के रूप में खेती करें हर सुविधा सरकार देगी।

कृषि के निर्यात से जोड़ेंगे तो जल्द होगा परिवर्तन : मंडलायुक्त
अमरोहा: मंडी समिति में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कृषकों को मैंगो व वेजिटेबल पैक हाउस की बधाई दी। कहा कि अमरोहा जिले के लिए आज बहुत गौरव की बात है। जो मैंगो और वेजिटेबल पैक हाउस का लोकार्पण हुआ है। कृषि में बहुत संभावनाएं हैं, इसे निर्यात से जोड़ेंगे तो जल्द ही कृषि क्षेत्र में परिवर्तन दिखेगा। जिले में जो कृषि उत्पादक संगठन बनाए गए हैं। सक्रिय रूप से कार्य करें और निर्यात रुचि लेकर करेंगे तो अवश्य ही उनकी आय बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि कृषि निर्यात को बढ़ावा दें। नदियों और नालों के किनारे पौधे लगाए। कृषक बंधु एक ही फसल न उगाकर दलहनी और तिलहनी फसलों को भी बढ़ावा दें।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : शराब पीने से युवक की तबीयत बिगड़ी, मौत