बाराबंकी: बीज बिक्री केन्द्रों पर छापेमारी, 79 बीजों के नमूने जांच के लिए भेजे गए लैब
पांच दुकानों के लाइसेंस निलंबित, पांच विकृतों को कारण बताओ नोटिस जारी
बाराबंकी, अमृत विचार। कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा 91 बीज बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान 79 बीजों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिये लैब भेजे गए। साथ ही पांच बीज विक्रेताओं का उर्वरक विक्रय लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं अन्य पांच विक्रेताओं को कारण बताओं नोटिस भी जारी किया गया। इन विक्रेताओं के यहां जांच के दौरान अनियमितता पाई गई।
तहसील नवाबगंज में उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने 13 बीज के दुकानों पर छापेमारी की और 17 नमूने संग्रहित किये। एक विक्रेता पहलवान बीज भंडार द्वारा अभिलेख न दिखाई जाने के कारण उसका लाइसेंस निलंबित किया गया। इसी तरह जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने जैदपुर, भिटौरा लखन और सिद्धौर सहित कई अन्य क्षेत्रों में कुल 20-20 की दुकानों पर छापे डाले। जिसमें 32 बीजों के नमूने संग्रहित किए।
वहीं चार विक्रेताओं को अभिलेख न प्रस्तुत कर पाने की वजह से कारण बताओं नोटिस जारी की गई। इसी तरह फतेहपुर में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी विजय कुमार ने 25 बीज भंडारों पर छापेमारी की व 15 नमूने संग्रहित किया। इसी तरह सिरौली गौसपुर में छापेमारी के दौरान आठ दुकानों पर छापे डालकर दो नमूने रामसनेहीघाट में सात बीज भंडार केंद्रों पर छापे डालकर तीन नमूने, रामनगर में 18 दुकानों पर छापे डाले गए व 10 बीजों के नमूनों को संग्रहीत किया।
छापेमारी के दौरान गठित टीम के अधिकारियों ने बीज विक्रय केंद्रों पर स्टॉक बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने की बात कहीं। उन्होंने विक्रेताओं को किसानों को कैश मेमो देने की बात के लिए निर्देशित किया। जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने निर्देश दिया कि सभी बीज विक्रेता अपनी दुकानों पर रेट बोर्ड अनिवार्य तौर से लगाए।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: छात्र की हत्या के बाद पाली कस्बे में बढ़ा तनाव, बंद कराई गई बाजार, तीन के खिलाफ केस दर्ज
