Ground Breaking Ceremony: शहर में 19 हजार करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा...शिक्षा, चर्म, कपड़ा समेत इन इकाइयों पर काम शुरू

शहर में 19 हजार करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा

Ground Breaking Ceremony: शहर में 19 हजार करोड़ का निवेश धरातल पर उतरा...शिक्षा, चर्म, कपड़ा समेत इन इकाइयों पर काम शुरू

कानपुर, अमृत विचार। शहर में 19 हजार करोड़ रुपये का निवेश सोमवार को धरातल पर उतरा। लखनऊ से प्रधानमंत्री के आधारशिला रखते ही 238 इकाइयों पर काम शुरू हो गया। इन इकाइयों में चमड़ा, गारमेंट्स, फूड, शिक्षा व कृषि सहित अन्य क्षेत्र की इकाइयां शामिल हैं। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शहर के उद्यमी भी स्क्रीन के जरिये जुड़े। उद्यमियों व जनप्रतिनिधियों ने इस निवेश को शहर के विकास की कड़ी बताया। 

ग्लोबल इनवेस्टर समिट के बाद उस समय हुए एमओयू को शहर में धरातल पर लाने में तमाम चुनौतियों का सामना करना पड़ा। भूमि, कई तरह के लाइसेंस, मशीनरी व अन्य कार्यों के बाद निवेश जमीन पर उतरा। इनवेस्टर समिट में उस वक्त कानपुर को लगभग 85 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे।

इन प्रस्ताव में लगभग 56 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव परवान चढ़े हैं। इन्हीं निवेश प्रस्ताव में से 238 प्रोजेक्ट ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए चयनित किए गए हैं। प्रधानमंत्री की ओर से विकास के बटन को दबाते ही अब इनपर काम शुरू हो जाएगा। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी से उद्यमी उत्साहित है। वे मान रहे हैं कि इकाइयों में जल्द ही उत्पादन कार्य भी शुरू हो जाएगा।

विभाग                                निवेश, करोड़

यूपीसीडा                            10122
शहरीविकास                        3000
एमएसएमई                             1773 
आवास विभाग                        1174
उच्च शिक्षा                              680
पर्यटन                                 586

अंतरराष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय

ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिये जिले को एक और अंतरराष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालय की सौगात मिली है। यह सौगात महर्षि महेश योगी अंतरराष्ट्रीय कृषि  विश्वविद्यालय के रूप में है। विश्वविद्यालय बनने की शुरुआत इसी महीने से होगी। यह पूरा प्रोजेक्ट 680 करोड़ रुपये का है। माना जा रहा है कि इस विश्वविद्यालय के बनने के बाद यहां पर विश्वस्तरीय कृषि शोध कार्य संभव हो सकेंगे। इसके लिए अत्याधुनिक प्रयोगशाला को भी प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है। इस विश्वविद्यालय को चौबेपुर में बनाया जाना है।

यह हैं बड़े प्रोजेक्ट

री सस्टेनेबिलिटी                3,000 करोड़
सर्राफ ग्रुप                    1250 करोड़
रिमझिम इस्पात                2100 करोड़
महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी 680 करोड़
स्काई लाइन हाइट्स            500 करोड़
 

इनवेस्टर समिट के तहत हुए एमओयू को जमीन पर उतार दिया गया है। लगभग 19 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पहले चरण में शामिल हैं। नई इकाइयों में कई पर 50 फीसदी से अधिक पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। प्रोजेक्ट में उत्पादन शुरू होने के बाद युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में भी इजाफा होगा।- सुधीर श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र

20 हजार युवाओं को सीधा रोजगार

उद्यमियों ने बताया कि नए प्रोजेक्ट के शुरू होने पर लगभग 20 हजार युवाओं को सीधा लाभ होगा। इनमें लगभग 8 हजार युवतियों को रोजगार की संभावना बढ़ी है। खासतौर पर शिक्षा, गारमेंट्स, हॉस्पिटलटी, प्रोडक्शन जैसी इकाइयों में युवतियों के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसके अलावा लगभग 80 हजार युवक व युवतियों को इन प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर बनेंगे।

ये भी पढ़ें- Ground Breaking Ceremony: 19424 करोड़ का होगा निवेश, 20 हजार को मिलेगा रोजगार, PM Modi ने 74 परियोजनाओं का किया उद्घाटन