Kanpur: सेंट्रल स्टेशन व गोविंदपुरी से जाने वाली लंबी दूरी की 12 ट्रेनों में बढ़े जनरल कोच, कोच विस्तार के लिए अन्य 22 ट्रेनें भी चिह्नित
कानपुर, अमृत विचार। जनरल कोच के यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के मकसद से रेलवे ने अहम फैसला लिया है। वाया सेंट्रल स्टेशन व गोविंदपुरी से जाने वाली लंबी दूरी की 12 ट्रेनों में जनरल कोचों की संख्या में विस्तार करते हुए 24 नए कोच लगाए हैं। कोचों की संख्या में विस्तार के लिए 22 अन्य ट्रेनों को भी चिह्नित किया गया है। जिसमें सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाने की योजना है। इससे सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
जिन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला लिया गया है, उनमें 15634, 15633 गुवाहाटी-बीकानेर एक्सप्रेस, 15631, 15632 गुवाहाटी-बाड़मेर एक्सप्रेस, 15653, 15654 गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस, 15636, 15635 गुवाहाटी-ओखा एक्सप्रेस, 20415, 20416 वाराणसी-इंदौर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 20413, 20414 काशी महाकाल वाराणसी इंदौर सुपरफास्ट ट्रेनें शामिल हैं। इन सभी गाड़ियों में लगाए गए अतिरिक्त जनरल कोच से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके साथ ही आरक्षित एसी कोचों में ओवरक्राउड की समस्या का भी समाधान होगा। जनरल कोच में जगह न मिलने के कारण यात्री एसी कोचों में भी सवार हो जाते थे।
